यात्री सुविधाओं में रायपुर एयरपोर्ट का बड़ा कमाल, देश के घरेलू एयरपोर्ट्स में दूसरे स्थान पर पहुंचा

० ACI-ASQ सर्वे 2026 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन, कोलकाता को छोड़ा पीछे, इंदौर नौवें स्थान पर खिसका
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लिए गर्व की खबर है। यात्री सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता के मामले में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट ने देशभर के घरेलू एयरपोर्ट्स में दूसरा स्थान हासिल किया है। एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) के एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (ASQ) सर्वे 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) में रायपुर एयरपोर्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। इस रैंकिंग में पुणे एयरपोर्ट पहले स्थान पर रहा, जबकि रायपुर ने कई बड़े एयरपोर्ट्स को पीछे छोड़ दिया।
5 में से 4.93 अंक, प्रदर्शन में लगातार सुधार
ताजा ASQ सर्वे के अनुसार रायपुर एयरपोर्ट को 5 में से 4.93 अंक मिले हैं। पिछली तिमाही की तुलना में इसके प्रदर्शन में 0.05 अंकों का सुधार दर्ज किया गया है। यह स्कोर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा तय एमओयू लक्ष्य से 0.23 अंक अधिक है। वैश्विक स्तर पर भी रायपुर एयरपोर्ट ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दुनिया के शीर्ष 70 एयरपोर्ट्स में अपनी जगह बनाई है।
यात्रियों के फीडबैक से तय होती है रैंकिंग
ACI का एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (ASQ) सर्वे यात्रियों से मिलने वाले सीधे फीडबैक के आधार पर तैयार किया जाता है। इसमें चेक-इन और सुरक्षा जांच का समय, एयरपोर्ट स्टाफ का व्यवहार, टर्मिनल की साफ-सफाई, खान-पान की व्यवस्था, पार्किंग सुविधा और सूचना संकेतकों (साइनेज) जैसे कई मानकों का मूल्यांकन किया जाता है।
कोलकाता पीछे, इंदौर भी फिसला
रायपुर एयरपोर्ट के शानदार प्रदर्शन के बीच कोलकाता जैसे बड़े एयरपोर्ट को पीछे छोड़ दिया गया है। वहीं लंबे समय तक बेहतरीन सुविधाओं के लिए पहचान रखने वाला इंदौर एयरपोर्ट इस बार नौवें स्थान पर पहुंच गया है। रायपुर एयरपोर्ट की इस उपलब्धि से एयरपोर्ट प्रबंधन और प्रदेशवासियों में खुशी का माहौल है।





