#प्रदेश

स्पेन दौरे पर जाएंगे केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, स्मार्ट सिटी एक्सपो में करेंगे भारत मंडप का उद्घाटन; शहरी विकास पर होगी अहम चर्चा

Advertisement Carousel

नई दिल्ली। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू 2 से 6 नवंबर 2026 तक स्पेन के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बार्सिलोना और मैड्रिड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत के आवास एवं शहरी विकास मॉडल को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना और स्पेन के आधुनिक शहरी विकास मॉडल से सीख लेकर दोनों देशों के बीच सहयोग की नई संभावनाएं तलाशना है।

स्मार्ट सिटी एक्सपो में करेंगे इंडिया पवेलियन का उद्घाटन

तोखन साहू 3 नवंबर को बार्सिलोना में आयोजित स्मार्ट सिटी एक्सपो वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में शामिल होंगे। इस दौरान वे इंडिया पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। उनके नेतृत्व में भारत के विभिन्न राज्यों के 20 वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी इस आयोजन में हिस्सा लेगा। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सोनमणि बोरा भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं।

सम्मेलन में तोखन साहू ‘हाउसिंग फॉर ऑल: बिल्डिंग इन्क्लूसिव एंड सस्टेनेबल फ्यूचर्स’ विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित करेंगे। इसमें वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए किफायती और समावेशी आवास उपलब्ध कराने, बड़े पैमाने पर आवास निर्माण, नवाचार आधारित वित्तीय व्यवस्था और जनभागीदारी के भारतीय अनुभव साझा करेंगे। इसके अलावा वे सार्वजनिक स्थानों के पुनर्विकास और शहरी प्रशासन से जुड़े सत्र में भी भाग लेंगे।

बार्सिलोना के स्मार्ट सिटी मॉडल का करेंगे अध्ययन

बार्सिलोना प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री कैटेलोनिया की आवास एवं पारिस्थितिक संक्रमण मंत्री सिल्विया पानेके सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में आवास नीति, शहरी नियोजन, सार्वजनिक आवास, भूमि विकास, परिवहन और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा होगी।

वे बार्सिलोना के 22@ इनोवेशन डिस्ट्रिक्ट सहित शहरी पुनर्विकास और आधुनिक शहरी प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं का भी अध्ययन करेंगे।

मैड्रिड में शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं का करेंगे अवलोकन

4 से 6 नवंबर तक तोखन साहू मैड्रिड में रहेंगे। यहां वे मैड्रिड रियो परियोजना, मैड्रिड न्यूवो नॉर्टे शहरी पुनर्विकास एवं ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) परियोजना और प्लाजा डी एस्पान्या के मोबिलिटी हब का अवलोकन करेंगे।

इसके अलावा स्पेन के आवास एवं शहरी एजेंडा मंत्रालय और आवास, निर्माण तथा शहरी अधोसंरचना से जुड़ी संस्थाओं एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी प्रस्तावित हैं। इनमें निवेश, तकनीकी सहयोग, टिकाऊ निर्माण, सार्वजनिक परिवहन और शहरी अधोसंरचना के विकास पर विचार-विमर्श होगा।

भारत-स्पेन के बीच शहरी विकास सहयोग को मिलेगी नई दिशा

भारत और स्पेन के बीच वर्ष 1956 से राजनयिक संबंध हैं। वर्ष 2026 दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ है। इस अवसर पर दोनों देश संस्कृति, पर्यटन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में द्वैध वर्ष मना रहे हैं।

जनवरी 2025 में सतत शहरी विकास के क्षेत्र में सहयोग के लिए दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे। ऐसे में तोखन साहू का यह दौरा इस साझेदारी को जमीन पर उतारने और शहरी विकास के क्षेत्र में व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

भारत जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बड़े पैमाने पर किफायती आवास उपलब्ध कराने का अनुभव साझा करेगा, वहीं स्पेन के आधुनिक नगर नियोजन, सार्वजनिक परिवहन, हरित क्षेत्रों, शहरी पुनर्विकास और तकनीक आधारित प्रबंधन से भारत को सीखने का अवसर मिलेगा।

विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को मिलेगी मजबूती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आवास, शहरी अधोसंरचना, डिजिटल तकनीक, स्वच्छता और सतत विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने का लक्ष्य समावेशी विकास की अवधारणा को मजबूत करता है।

तोखन साहू का स्पेन दौरा इसी विकास यात्रा को वैश्विक साझेदारी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे दोनों देशों के बीच तकनीकी आदान-प्रदान, निवेश, निर्माण क्षेत्र में साझेदारी और रोजगार सृजन के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है। साथ ही, भारत के विकसित भारत @2047 के संकल्प को अंतरराष्ट्रीय सहयोग से नई मजबूती मिल सकती है।