स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद तिवारी स्मृति खेल पुरस्कार पवन कुमार सिंह को, 2 अगस्त को होगी जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता

० 10 से अधिक स्कूलों के खिलाड़ी लेंगे भाग, छह खेलों में होगा प्रतिभा का प्रदर्शन
रायपुर। कबड्डी के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, कोच एवं मैनेजर रहे स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद तिवारी की स्मृति में 2 अगस्त को रायपुर में स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद तिवारी स्मृति खेल पुरस्कार एवं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से एक ओर उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इस वर्ष का “स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद तिवारी स्मृति खेल पुरस्कार” राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी एवं कोच श्री पवन कुमार सिंह को प्रदान किया जाएगा। खेलों के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण तथा राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें इस सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार, इस वर्ष की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में छह खेलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता में रायपुर के 10 से अधिक विद्यालयों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताएं तीन आयु वर्गों में आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक बाल एवं युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का अवसर मिल सके।
समिति ने बताया कि स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद तिवारी का जीवन खेलों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी खिलाड़ी, कोच एवं मैनेजर के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई और अनेक खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनकी स्मृति को जीवंत बनाए रखने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व वर्षों में उनकी स्मृति में रायपुर के पंडरी स्थित प्रगति खेल मैदान में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का नियमित आयोजन होता था। पिछले दो-तीन वर्षों से यह सिलसिला बाधित हो गया था। अब आयोजन समिति ने इसे नए स्वरूप में पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।
समिति का कहना है कि इस वर्ष बहु-खेल प्रतियोगिता के माध्यम से आयोजन की शुरुआत की जा रही है। आगामी समय में स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद तिवारी की स्मृति में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भी भव्य आयोजन किया जाएगा, ताकि जिले के कबड्डी खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगी मंच उपलब्ध कराया जा सके।




