Commonwealth Games 2026: भारत की महिला मुक्केबाजों का गोल्डन पंच, 30 मिनट में जीते दो स्वर्ण पदक

प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया ने 5-0 से फाइनल जीतकर रचा इतिहास, जादूमणि सिंह को मिला रजत; भारत के खाते में अब 30 पदक
नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 30 मिनट के भीतर देश को दो स्वर्ण पदक दिला दिए। पहले प्रीति पवार ने महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग में कनाडा की स्कार्लेट सवाना डेलगाडो को 5-0 से हराया। इसके करीब 15 मिनट बाद जैस्मिन लंबोरिया ने 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में नॉर्दन आयरलैंड की मिकेला वॉल्श को 5-0 से मात देकर गोल्ड अपने नाम किया।
प्रीति पवार ने दिखाया दम
एसईसी हॉल-5 में खेले गए फाइनल मुकाबले में प्रीति पवार शुरू से ही आक्रामक रहीं। उन्होंने तीनों राउंड में बेहतरीन प्रदर्शन किया और सभी पांचों जजों का समर्थन हासिल करते हुए 5-0 से मुकाबला जीत लिया। इससे पहले प्रीति ने राउंड ऑफ-16, क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में भी अपने सभी मुकाबले एकतरफा अंदाज में जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी।
जैस्मिन लंबोरिया ने जीता दूसरा गोल्ड
महिलाओं के 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जैस्मिन लंबोरिया ने अनुभवी मुक्केबाज मिकेला वॉल्श को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। पहले राउंड में बढ़त बनाने के बाद उन्होंने दूसरे और तीसरे राउंड में भी शानदार मुक्केबाजी का प्रदर्शन किया और मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा।
जादूमणि सिंह को मिला रजत पदक
पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में भारत के जादूमणि सिंह को ऑस्ट्रेलिया के झाई डिक्सन के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। पहले राउंड में बढ़त लेने के बावजूद वह अगले दो राउंड में मुकाबला नहीं बचा सके और रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
भारत के खाते में 30 पदक
खबर लिखे जाने तक भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कुल 30 पदक जीत लिए हैं। इनमें 8 स्वर्ण, 15 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत फिलहाल छठे स्थान पर बना हुआ है।




