रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से बारिश कम होने से लोग तेज उमस और गर्मी से परेशान हो रहे हैं। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से अधिक है। इसी बीच मौसम विभाग ने कल 6 अगस्त से पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है। इसके अलावा एक-दो स्थानों पर वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। विभाग के मुताबिक रायपुर, दुर्ग, और बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश तो बिलासपुर और सरगुजा संभाग में मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
बन रहा है बारिश के लिए सिस्टम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून द्रोणिका औसत समुद्र तल पर अमृतसर, देहरादून, शाहजहांपुर, वाल्मीकि नगर, छपरा, जलपाईगुड़ी होते हुए अरुणाचल प्रदेश तक फैली हुई है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से बिहार तक 0.9 किमी ऊंचाई पर भी एक द्रोणिका बनी है। इस मौसम तंत्र से पूरे प्रदेश में वर्षा की स्थिति बनी है।
राजधानी रायपुर में भी आज आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा और हल्की वर्षा हो सकती है। तापमान 27 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। तेज गर्मी और उमस के बीच यह बारिश राहत लेकर आएगी।