Bastar Tiranga Yatra 2026: नक्सल प्रभावित इलाकों में लहराएगा तिरंगा, डिप्टी CM विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप होंगे शामिल

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बस्तर में राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ निकाली जाएगी। 13 अगस्त को सुकमा के दुर्गम और नक्सल प्रभावित इलाकों से गुजरने वाली इस यात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप भी शामिल होंगे।
नक्सल प्रभावित इलाकों में पहुंचेगा तिरंगे का संदेश
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मोटरसाइकिलों से निकाली जा रही यह यात्रा उन इलाकों से होकर गुजरेगी, जो कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दूरस्थ गांवों तक पहुंचाना है।
चिंगावरम से टेकलगुड़ेम तक तिरंगा यात्रा
13 अगस्त को यात्रा चिंगावरम, सुकमा, एर्राबोर, मनीकोंटा, दोरनापाल, पोलमपल्ली, बुर्कापाल, मिनपा-ताड़मेटला, चिंतलनार, जगरगुंडा, सिलगेर और टेकलगुड़ेम होते हुए आवापल्ली और फिर बीजापुर पहुंचेगी। बीजापुर में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।
महिला बाइकर्स भी थामेंगी तिरंगा
इस यात्रा में महिला बाइकर्स की विशेष भागीदारी रहेगी। अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में बाइक राइडर शामिल होंगे। स्थानीय युवा, स्वयंसेवी संगठन, महिला समूह, NCC, NSS, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड और जनप्रतिनिधि भी यात्रा का हिस्सा बनेंगे।
शहीदों की याद में लगाए जाएंगे पौधे
यात्रा के दौरान शहीद स्थलों पर ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा। जितने लोगों ने बलिदान दिया है, उतने पौधे लगाने की योजना है। इसके साथ युवाओं और विद्यार्थियों से संवाद, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।
बस्तर की बदली तस्वीर दिखाने की कोशिश
यात्रा के जरिए बस्तर की बदलती तस्वीर को देश-दुनिया के सामने लाने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, यात्रा यह संदेश देगी कि बस्तर अब विश्वास, शांति और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।





