रायपुर के ब्लू वाटर में डूबे आदिल का तीसरे दिन भी नहीं मिला शव, SDRF-NDRF ने फिर शुरू किया सर्च ऑपरेशन

रायपुर। राजधानी से सटे ब्लू वाटर में बुधवार शाम डूबे आदिल का शव शनिवार सुबह तक बरामद नहीं हो सका है। गुरुवार और शुक्रवार को लगातार तलाश के बाद शनिवार को एक बार फिर SDRF ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान NDRF की टीम भी मौके पर मौजूद है।
दोस्तों के साथ ब्लू वाटर पहुंचा था आदिल
बताया जा रहा है कि आदिल बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान पानी में तैरने को लेकर दोस्तों के बीच शर्त लगी। शर्त के बाद आदिल पानी में उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाने के बाद वापस बाहर नहीं आ सका।
गहराई ज्यादा होने से रेस्क्यू में परेशानी
युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ SDRF और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। हालांकि, पानी की अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को शव तलाशने में लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ब्लू वाटर में पहले भी हो चुके हैं हादसे
ब्लू वाटर में इससे पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद यहां लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है। घटना के बाद एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
खतरनाक हिस्सों में लोगों को जाने से रोकने के लिए सुरक्षा घेरा बनाने और पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगाने की जरूरत बताई जा रही है। फिलहाल SDRF और NDRF की टीमें आदिल की तलाश में जुटी हैं।




