#प्रदेश

Big Breaking : महाराष्ट्र के NICU में तड़के धमाका, फिर भड़की आग… 3 नवजातों की मौत, 39 बच्चे थे भर्ती

Advertisement Carousel

 

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के NICU में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे अचानक धमाका होने के बाद आग लग गई। देखते ही देखते वार्ड में धुआं भर गया। हादसे में तीन नवजातों की मौत हो गई, जबकि अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों की तत्परता से कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

वेंटिलेटर में धमाके के बाद लगी आग

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि धमाका वेंटिलेटर में हुआ, जिसके बाद आग भड़क गई और पूरे वार्ड में धुआं फैल गया।

हादसे के वक्त NICU में 39 नवजात भर्ती थे। आग लगते ही अस्पताल स्टाफ ने बिना देर किए बच्चों को वार्ड से बाहर निकालना शुरू कर दिया।

तीन नवजातों ने तोड़ा दम, 6 सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर

रेस्क्यू के दौरान अधिकांश नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, तीन बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए और बाद में उनकी मौत हो गई। वहीं, छह नवजातों को बेहतर इलाज और निगरानी के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भेजा गया है।

आग में NICU के कई मेडिकल उपकरण और सामान जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि आग अस्पताल के दूसरे हिस्सों तक नहीं पहुंची।

छिंदवाड़ा के बाद NICU में आग की दूसरी घटना

इससे पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। वहां वार्मर के फिलामेंट में चिंगारी निकलने के बाद आग लगी थी। उस समय NICU में 33 नवजात मौजूद थे, जिनमें तीन झुलस गए थे। अस्पताल स्टाफ ने बाकी 30 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।