खैरागढ़ में H1N1 की दस्तक : 4 साल का बच्चा संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया घर-घर सर्वे

खैरागढ़। खैरागढ़ जिले के छुईखदान क्षेत्र में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। नगर के वार्ड नंबर 9 स्थित कन्डरापारा निवासी 4 वर्षीय बालक कन्हैया चंद्राकर की H1N1 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल बालक का राजनांदगांव के संजीवनी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मामले की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र में सर्वे, सैंपलिंग और जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है।
संक्रमित बच्चे के परिवार की भी जांच
जानकारी के अनुसार, तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन कन्हैया को राजनांदगांव के संजीवनी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकों ने जांच कराई, जिसमें H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी गई।
इसके बाद खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बघेल के नेतृत्व में टीम संक्रमित बच्चे के घर पहुंची। परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ ही एहतियात के तौर पर उनके सैंपल भी लिए गए।
वार्ड में घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य टीम
स्वास्थ्य विभाग की टीमें वार्ड नंबर 9 और आसपास के इलाकों में घर-घर जाकर लोगों का स्वास्थ्य सर्वे कर रही हैं। इस दौरान बुखार, सर्दी, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों के बारे में जानकारी ली जा रही है।
संदिग्ध लक्षण वाले लोगों की पहचान कर उन्हें चिकित्सकीय सलाह दी जा रही है। साथ ही लोगों को संक्रमण से बचाव के जरूरी उपायों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा- घबराएं नहीं, सतर्क रहें
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग के मुताबिक तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, सर्दी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को सामान्य मौसमी बीमारी समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
ऐसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच कराकर डॉक्टर की सलाह के अनुसार उपचार लेने की अपील की गई है।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग संक्रमित बच्चे के संपर्क में आए लोगों और क्षेत्र में सामने आने वाले संभावित मामलों पर नजर बनाए हुए है।





