#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा! दुर्ग में 6 मरीज मिले, 2 का इलाज जारी; बिलासपुर में भी 7 केस

Advertisement Carousel

 

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। राहत की बात यह है कि इनमें से 4 मरीज उपचार के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 2 मरीजों का इलाज अभी जारी है।इनमें से एक मरीज का उपचार एम्स रायपुर और दूसरे का सेक्टर-9 अस्पताल में चल रहा है।

सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों पर नजर

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिले में इन दिनों सर्दी, खांसी और बुखार जैसे लक्षणों वाले मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए जिले के सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।अस्पतालों को संदिग्ध मरीजों की जांच, निगरानी और आवश्यक उपचार के निर्देश दिए गए हैं।

जिला अस्पताल में तैयार किया गया आइसोलेशन वार्ड

संभावित H1N1 मरीजों को अलग रखने और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सर्दी, खांसी, तेज बुखार या सांस संबंधी परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर चिकित्सकीय जांच कराएं।

बिलासपुर में भी 7 मरीज, 5 स्वस्थ होकर डिस्चार्ज

बिलासपुर में भी स्वाइन फ्लू के 7 मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से 5 मरीज स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 2 मरीजों का इलाज अपोलो अस्पताल में जारी है।

भर्ती मरीजों में एक 75 वर्षीय महिला भी शामिल हैं। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है और उन्हें ICU से बाहर लाया गया है। वहीं, एक 30 वर्षीय मरीज की रायपुर की ट्रैवल हिस्ट्री भी सामने आई है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को किया सतर्क

दुर्ग और बिलासपुर में सामने आए मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग मरीजों की निगरानी के साथ संक्रमण की रोकथाम पर भी जोर दे रहा है। लोगों को लक्षण दिखने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से जांच और सलाह लेने की अपील की गई है।