Nepal Flood: नेपाल की बाढ़ में रायपुर की मोनिका यादव लापता, 22 अगस्त से थी नेपाल में; तलाश में जुटी सरकार

रायपुर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच छत्तीसगढ़ की एक युवती के लापता होने की सूचना सामने आई है। रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव का नेपाल में बाढ़ के बाद से परिजनों से संपर्क टूट गया है। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, मोनिका 22 अगस्त 2026 से नेपाल प्रवास पर थीं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने उनकी तलाश के लिए संबंधित अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय शुरू कर दिया है।
मोनिका की तलाश में जुटा प्रशासन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल गए छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटा रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
रायपुर जिले के महादेव घाट क्षेत्र की निवासी मोनिका यादव के लापता होने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन उनकी सुरक्षित खोजबीन के प्रयास में जुट गया है। परिजनों को भी उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद है।
नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटा रही सरकार
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने हालात को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से नेपाल गए नागरिकों की जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
राज्य सरकार संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों के संपर्क में है, ताकि प्रभावित नागरिकों तक सहायता पहुंचाई जा सके और लापता लोगों की जानकारी जल्द मिल सके।
सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों या उनके परिजनों से अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी हो तो तत्काल प्रशासन से साझा करें।
सहायता एवं जानकारी के लिए हेल्पलाइन:
☎️ टोल फ्री: 1070
☎️ कंट्रोल रूम: 0771-2223471
सरकार ने कहा है कि नेपाल में प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों और उनके परिजनों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।




