बिलासा एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला! लैंडिंग के वक्त Alliance Air फ्लाइट का पहिया फटा, 60 यात्री बाल-बाल बचे

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से आ रही एलाइंस एयर की फ्लाइट के लैंडिंग के दौरान एक पहिया अचानक फट गया। बताया जा रहा है कि पहिया फटने के बाद उसमें आग भी लग गई। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और विमान में सवार सभी 60 यात्री सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, एलाइंस एयर की फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10:55 बजे दिल्ली से बिलासपुर के लिए उड़ान भरी थी। करीब ढाई घंटे के सफर के बाद विमान बिलासा एयरपोर्ट पर लैंड करने वाला था। इसी दौरान विमान के दाईं ओर का पहिया बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पहिया फटने के बाद विमान काफी दूर तक घिसटता रहा
लैंडिंग के दौरान पहिया फटने के बाद विमान के पहिए में आग लगने की भी जानकारी सामने आई है। इसके बाद विमान रनवे पर काफी दूर तक घिसटता चला गया। स्थिति बिगड़ते देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पायलट ने समय रहते विमान को नियंत्रित कर लिया और एक बड़ा हादसा टल गया।
60 यात्रियों की बची जान, सभी सुरक्षित
फ्लाइट में कुल 60 यात्री सवार थे। हादसे के बाद कुछ देर के लिए यात्रियों में दहशत का माहौल रहा, लेकिन राहत की बात है कि किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
प्रयागराज की उड़ान रद्द, जांच शुरू
घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लैंडिंग के दौरान पहिया फटने की वजह क्या थी। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। क्षतिग्रस्त विमान की प्रयागराज उड़ान भी रद्द कर दी गई है।





