बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल, रायपुर-जगदलपुर में भी दिखा असर; 5-डे बैंकिंग की मांग, अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

रायपुर। देशभर में बैंक अधिकारी-कर्मचारी आज एक दिवसीय हड़ताल पर हैं। बैंकिंग कर्मचारियों की इस हड़ताल का असर कई जगहों पर बैंकिंग सेवाओं पर दिखाई दे रहा है। कर्मचारियों की मुख्य मांग 5-डे बैंकिंग लागू करने और PLI (Performance Linked Incentive) में समानता को लेकर है। रायपुर में बैंक कर्मचारियों ने मोतीबाग चौक स्थित PNB परिसर में बड़ी संख्या में जुटकर प्रदर्शन किया।
रायपुर से जगदलपुर तक बैंककर्मियों का प्रदर्शन
रायपुर के साथ ही जगदलपुर में भी बैंक अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि पांच दिन काम और दो दिन अवकाश की व्यवस्था लागू करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अब तक इस पर ठोस निर्णय नहीं हुआ है।
बैंक कर्मचारियों का तर्क है कि अन्य वित्तीय संस्थानों में पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था लागू है। बैंकिंग सेक्टर में भी इसे लागू किए जाने से कर्मचारियों को काम और निजी जीवन के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद मिलेगी।
28 बैंकों के कर्मचारी-अधिकारी हड़ताल में शामिल
कर्मचारियों के मुताबिक, देशभर में सरकारी और निजी क्षेत्र के करीब 28 बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी इस आंदोलन में शामिल हैं। हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए कर्मचारियों ने ग्राहकों से ATM, UPI और नेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल करने की अपील की है।
मांगें नहीं मानीं तो बढ़ेगा आंदोलन
बैंक कर्मचारियों ने सरकार को आगे आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगर आज की हड़ताल के बाद भी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया, तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी।
इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में बैंकिंग सेवाओं पर आंदोलन का असर और बढ़ सकता है।





