#प्रदेश

CG News: श्री वर सिद्धिविनायक मंदिर में गणेश चतुर्थी का भव्य शुभारंभ, 16 दिनों तक 16 स्वरूपों में होंगे बप्पा के दर्शन

Advertisement Carousel

रायपुर। राजधानी रायपुर के शिवानंद नगर स्थित छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े श्री वर सिद्धिविनायक मंदिर में गणेश चतुर्थी के पावन पर्व का शुभारंभ धार्मिक उत्साह और भक्ति भाव के साथ हुआ। गणेशोत्सव के दौरान यहां भगवान श्री गणेश की विशेष पूजा-अर्चना के साथ प्रतिदिन अलग-अलग स्वरूपों में अलंकरण किया जाएगा। मंदिर में आने वाले 16 दिनों तक षोडश अलंकरण के आधार पर भगवान गणेश के 16 रूपों की पूजा की जाएगी।

श्री वर सिद्धिविनायक सेवा समिति के अनुसार गणेश चतुर्थी से शुरू होने वाले इस विशेष आयोजन में प्रत्येक दिन भगवान श्री गणेश का अलग-अलग स्वरूपों में श्रृंगार और अलंकरण किया जाएगा। श्रद्धालुओं को प्रतिदिन बप्पा के नए स्वरूप के दर्शन होंगे।

गणेशोत्सव के सातवें दिन श्री वर सिद्धिविनायक सेवा समिति की महिला समिति की ओर से विशेष 56 भोग का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान गणेश को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।

शिवानंद नगर स्थित यह सिद्धिविनायक मंदिर रायपुर ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ और देश-विदेश में भी अपनी धार्मिक आस्था के लिए प्रसिद्ध है। मंदिर के अध्यक्ष श्री जी स्वामी ने बताया कि विदेशों में रहने वाले भक्त भी वर्षभर मंदिर की धार्मिक गतिविधियों के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करते हैं। इसके अलावा विभिन्न राजनेता, मंत्री और समाजसेवी भी मंदिर पहुंचकर भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना करते हैं और अपनी मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करते हैं।

मंदिर अध्यक्ष ने बताया कि दक्षिण भारतीय शैली के अनुसार लगातार 21 दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। पूजा संपन्न होने के बाद महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पांच वेद पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की शांति, समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना की जाएगी।

गणेश चतुर्थी के प्रथम पावन अवसर पर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सच्चिदानंद शुक्ला ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री गणेश के दर्शन किए। उन्होंने विश्वविद्यालय की उन्नति और समृद्धि के लिए बप्पा से प्रार्थना की।इस अवसर पर मुकुंद बाबू, डॉ. देवाशीष मुखर्जी, के. भनोज, गोपी, रमेश, पूंडरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

CG News: श्री वर सिद्धिविनायक मंदिर में गणेश चतुर्थी का भव्य शुभारंभ, 16 दिनों तक 16 स्वरूपों में होंगे बप्पा के दर्शन

CG Politics: PM आवास पर 80 मिनट