#प्रदेश

Journalist Asif Iqbal: रायपुर के वरिष्ठ पत्रकार आसिफ इकबाल को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’, 11 हजार रुपये के साथ हुआ सम्मान

Advertisement Carousel

 

विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित आंध्र प्रदेश विश्वविद्यालय के डॉ. वाईवीएस मूर्ति ऑडिटोरियम में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की 13वीं कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया। 16 और 17 सितंबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में आठ राज्यों से पहुंचे 400 से अधिक श्रमजीवी पत्रकारों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन नव आंध्र प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के सहयोग से किया गया।

1971 से पत्रकारिता में सक्रिय आसिफ इकबाल का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के संस्थापक-सचिव शाहनवाज हसन ने पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रायपुर, छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ श्रमजीवी पत्रकार आसिफ इकबाल को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित करने की घोषणा की।

आसिफ इकबाल वर्ष 1971 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें सम्मान स्वरूप 11 हजार रुपये की राशि, शॉल और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। सम्मान की घोषणा होते ही सभागार में मौजूद पत्रकारों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।

विशिष्ट अतिथियों ने किया सम्मानित

आसिफ इकबाल को यह सम्मान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य जीवीएल नरसिम्हा राव, भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के संस्थापक-सचिव शाहनवाज हसन, नव आंध्र प्रदेश पत्रकार संघ के वीरभद्र राव, संघ के महासचिव गिरधर शर्मा और भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार कृष्णमोहन झा ने प्रदान किया।

सम्मान समारोह के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में आसिफ इकबाल के लंबे योगदान को याद किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

आठ राज्यों से पहुंचे पत्रकार

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों से श्रमजीवी पत्रकार शामिल हुए। इस दौरान श्रीधर राव (भिलाई), गायत्री (उत्तराखंड), शुभेंदु चटर्जी (पश्चिम बंगाल), अली खान (चित्तूर), विकी पंजवानी, लवलेश द्विवेदी, शेख आबिद (रायपुर), राघवेंद्र मिश्रा (विशाखापत्तनम), अरविंद ठाकुर (साहेबगंज) और नजरुल इस्लाम (रांची) समेत अन्य पत्रकारों ने आसिफ इकबाल को बधाई दी।

जन्मदिवस पर भी हुआ विशेष आयोजन

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के संस्थापक-सचिव शाहनवाज हसन के जन्मदिवस को भी उत्साह के साथ मनाया गया। इसके बाद पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों और संगठन की गतिविधियों पर चर्चा की गई।