डीएसपी कल्पना वर्मा केस में आरोप लगाने वाला दीपक टंडन खुद गिरफ्तार, AI फोटो से ब्लैकमेलिंग का आरोप

रायपुर के अपार्टमेंट में बिलासपुर पुलिस ने दी दबिश, दो मोबाइल जब्त; आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर बदनाम करने की धमकी देने का आरोप
रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित डीएसपी कल्पना वर्मा विवाद में आरोप लगाकर सुर्खियों में आए होटल कारोबारी और न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिस दीपक टंडन ने कुछ समय पहले डीएसपी कल्पना वर्मा पर करोड़ों रुपये की ठगी और लव ट्रैप में फंसाने के आरोप लगाए थे, अब वही खुद ब्लैकमेलिंग और एक्सटॉर्शन के मामले में पुलिस के शिकंजे में है। सिरगिट्टी पुलिस ने रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
AI से तस्वीरें एडिट कर ब्लैकमेलिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन ‘द हनी बैजर’ (The Honey Badger) नाम से न्यूज पोर्टल और यूट्यूब चैनल संचालित करता है। आरोप है कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के जरिए लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक और भ्रामक तस्वीरें तैयार करता था। इसके बाद इन तस्वीरों को न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर कथित तौर पर पैसे वसूलता था।
29 अक्टूबर को दर्ज हुई थी शिकायत
इस मामले में बिलासपुर के तिफरा निवासी मणीशंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर को सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी तस्वीरों को AI की मदद से एडिट कर सोशल मीडिया और न्यूज पोर्टल के जरिए बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू की तो दीपक टंडन का नाम सामने आया। इसके बाद उसकी लोकेशन ट्रैक कर रायपुर में दबिश दी गई।
दो मोबाइल जब्त, अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इनमें कई फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने दीपक टंडन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में कोमल प्रसाद चौबे समेत कुछ अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
क्या है डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़ा विवाद?
दीपक टंडन साल 2025 के अंत में उस वक्त सुर्खियों में आया था, जब उसने दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा पर करीब 2.5 करोड़ रुपये की ठगी करने, कीमती गहने और लग्जरी कार लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उसने डीएसपी पर लव ट्रैप में फंसाने का भी आरोप लगाया था। इस विवाद के बाद कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया गया था और मामले की जांच रिपोर्ट गृह विभाग को भेजी गई थी।
अब इस पूरे विवाद में आरोप लगाने वाले दीपक टंडन की खुद की गिरफ्तारी ने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। हालांकि, उसके खिलाफ दर्ज मौजूदा मामले में पुलिस की जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।




