#crime #प्रदेश

Bilaspur Crime: गुटीय संघर्ष का मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर पन्ना से गिरफ्तार, दोस्त के घर छिपा था; 30 से ज्यादा गिरफ्तारियां

Advertisement Carousel

बिलासपुर। शहर के खपरगंज इलाके में पिछले महीने हुए गुटीय संघर्ष के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर को मध्यप्रदेश के पन्ना से गिरफ्तार किया है। बिलासपुर क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, रामसिंह पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने दोस्त धीरेंद्र पटेल के घर छिपा हुआ था।

पुलिस को जांच के दौरान आरोपी के छतरपुर जाने की जानकारी भी मिली थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस उसकी तलाश करते हुए पन्ना पहुंची और उसके ठिकाने का पता लगाया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम रामसिंह को बिलासपुर लेकर पहुंची है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

28 अगस्त को हुआ था हिंसक विवाद

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त की रात खपरगंज इलाके में सोशल मीडिया पर कथित टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया और दोनों पक्षों की ओर से भारी पथराव हुआ।

मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब 100 लोगों को आरोपी बनाया है, जबकि अब तक 30 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले पुलिस एक पक्ष के सोहेल खान समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

गिरफ्तारी से पहले वीडियो जारी कर दी थी प्रतिक्रिया

गिरफ्तारी से पहले रामसिंह ठाकुर ने एक वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया था। वीडियो में उसने दावा किया था कि धर्म के लिए लड़ने के कारण उसे निशाना बनाया जा रहा है। उसने जेल में अपनी हत्या की आशंका भी जताई थी।

वहीं, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और अब मामले में उसकी भूमिका समेत अन्य आरोपियों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आगे की कार्रवाई न्यायालय के समक्ष पेशी के बाद की जाएगी।