पठानकोट में गन पॉइंट पर XUV कार लूट, आतंकी हमले की आशंका से हाई अलर्ट,पंजाब-जम्मू-कश्मीर बॉर्डर पर बढ़ाई गई चौकसी

पठानकोट। पंजाब के पठानकोट में हथियारबंद बदमाशों ने बंदूक की नोक पर एक XUV कार लूट ली और मौके से फरार हो गए। वारदात पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर शहर के डाउनटाउन इलाके में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, अज्ञात बदमाशों ने गन पॉइंट पर XUV कार को अपने कब्जे में लिया और उसे लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस भी सतर्क हो गई है।
इंटर-स्टेट बॉर्डर और हाईवे पर बढ़ाई गई निगरानी
कार लूट की घटना के बाद पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच लगने वाली सीमाओं पर नाकेबंदी बढ़ा दी गई है। नेशनल हाईवे पर भी वाहनों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां लूटी गई गाड़ी की तलाश में जुटी हैं।
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि लूटी गई XUV का इस्तेमाल किसी बड़ी आतंकी वारदात या हमले को अंजाम देने के लिए किया जा सकता है। इसी आशंका के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।




