रायगढ़ में तालाब में मिला हाथी शावक का शव, 51 हाथियों के दल में था शामिल; डूबने से मौत की आशंका

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हाथियों की लगातार आवाजाही के बीच एक हाथी शावक की मौत से हड़कंप मच गया। तमनार वन परिक्षेत्र के छैडोरिया गांव के पास एक तालाब में हाथी के बच्चे का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकाला। वन विभाग के अनुसार, प्रथम दृष्टया शावक की मौत तालाब में डूबने से हुई है।
सुबह तालाब पहुंचे ग्रामीणों ने देखा शव
बुधवार सुबह छैडोरिया गांव के कुछ ग्रामीण तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में पड़े हाथी शावक के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शावक के शव को बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
51 हाथियों के दल के साथ घूम रहा था शावक
रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा एसडीओ आशुतोष मंडावा के मुताबिक, तमनार क्षेत्र में लंबे समय से 51 हाथियों का बड़ा दल विचरण कर रहा था। इसी दल में हाल ही में जन्मा एक शावक भी शामिल था।वन विभाग के अनुसार, दल का एक हाथी दूसरी जगह चला गया है, जबकि शावक की तालाब में डूबने से मौत हुई है।
पीएम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
वन विभाग फिलहाल मामले की जांच कर रहा है। शावक की मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद होगी। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तमनार क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग आसपास के इलाके में उनकी गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए है।





