Israel News: भारतीय पायलट स्मित मच्छार को मिलेगा राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार, 174 यात्रियों की जान बचाकर बने दुनिया के हीरो

तेल अवीव/अबू धाबी। संकट की घड़ी में अदम्य साहस और सूझबूझ दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को इस्राइल के राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस्राइल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग ने उनके साहस को सलाम करते हुए सम्मान देने की घोषणा की है। फ्लाईदुबई की उड़ान में सह-पायलट के कथित हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हालात का सामना किया और एक बड़े विमान हादसे को टालने में अहम भूमिका निभाई। फिलहाल वह अबू धाबी के अस्पताल में उपचार करा रहे हैं।
छह यात्रियों को भी मिलेगा नागरिक वीरता पदक
इस घटना के दौरान कैप्टन मच्छार का साथ देने वाले छह इस्राइली यात्रियों को भी राष्ट्रपति नागरिक वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें ताली मानेस, ज्विका मानेस, यानिव हयौन, डॉ. शोता मुसायेव, आसफ राजुआन और ओर पारडिलोव शामिल हैं।
बताया गया है कि इन यात्रियों ने संकट की गंभीरता को समझते हुए सह-पायलट को काबू करने में मदद की। वहीं, पेशे से चिकित्सक डॉ. मुसायेव ने घायल कैप्टन को तत्काल चिकित्सा सहायता दी।
कॉकपिट में हमले से मचा हड़कंप
फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इसी दौरान कॉकपिट में सह-पायलट के कथित हमले से स्थिति गंभीर हो गई। कैप्टन मच्छार घायल हो गए और विमान में मौजूद यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई।
ऐसे मुश्किल हालात में यात्रियों ने हिम्मत दिखाई और हमलावर को काबू करने में मदद की। इसके बाद विमान का नियंत्रण संभाला गया और आपात लैंडिंग कराई गई। इस तरह विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बच सकी।
राष्ट्रपति हर्जोग ने बताया असाधारण साहस की मिसाल
राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग ने कैप्टन मच्छार और यात्रियों के साहस की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में दिखाई गई बहादुरी, दृढ़ संकल्प और सूझबूझ ने एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना के हर पहलू की जांच जरूरी है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भी की तारीफ
इससे पहले इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अस्पताल में भर्ती कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात की थी। उन्होंने पायलट की बहादुरी और विपरीत परिस्थितियों में शांत रहकर काम करने की क्षमता की सराहना की। नेतन्याहू ने उन्हें भारत और इस्राइल के लोगों का हीरो बताते हुए जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
स्वस्थ होने के बाद इस्राइल जाने का न्योता
रिपोर्टों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छार को स्वस्थ होने के बाद इस्राइल आने का निमंत्रण दिया है। उन्हें इस्राइल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किए जाने की भी खबर है।
फिलहाल कैप्टन मच्छार अबू धाबी के अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उनकी बहादुरी ने न केवल यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि संकट के समय कर्तव्य के प्रति समर्पण और साहस की मिसाल भी पेश की।





