Himachal Bus Accident: शिमला में मोड़ पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी HRTC बस, एक युवक की मौत; 15 से ज्यादा घायल

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। सनेई से रामपुर आ रही हिमाचल सड़क परिवहन निगम (HRTC) की बस राय के पास एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
अस्पताल पहुंचते ही युवक ने तोड़ा दम
डंसा पंचायत की प्रधान पदमा कुमारी के अनुसार, हादसे में घायल वंश पुत्र सुरंजन, निवासी गांव कराली, तहसील रामपुर की अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हो गई। उन्होंने घटना पर दुख जताया।
रामपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना रामपुर से लगभग 15 किलोमीटर दूर हुई। हादसे का शिकार हुई बस का नंबर HP 06 A 5159 बताया गया है। बस में चालक और परिचालक समेत 20 से अधिक लोग सवार थे। हादसे में कई यात्रियों को चोटें आई हैं।
17 घायलों को खनेरी अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को निजी वाहनों के जरिए रामपुर स्थित खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया। अब तक 17 घायलों को अस्पताल ले जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें दो यात्रियों के सिर पर गंभीर चोटें लगने की बात कही जा रही है।
गोशाला के पीछे जाकर रुकी बस
जानकारी के अनुसार, सड़क से नीचे गिरने के बाद बस एक गोशाला के पीछे जाकर रुक गई। इससे बस के और नीचे जाने का खतरा टल गया। हालांकि, बस किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुई और दुर्घटना कैसे हुई, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। घायलों का खनेरी अस्पताल में इलाज जारी है। मृतक और अन्य घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। पुलिस जांच के बाद हादसे के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।




