Governor Appointment: छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति, ओम प्रकाश माथुर केरल तो दुष्यंत गौतम संभालेंगे सिक्किम की कमान

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को छह राज्यों के राज्यपालों की नियुक्ति और तबादले को मंजूरी दी। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक ओम प्रकाश माथुर को केरल, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, ब्रज मोहन राम को ओडिशा, दुष्यंत गौतम को सिक्किम, राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु और डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। सभी नियुक्तियां संबंधित राज्यपालों के पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी।
किसे मिली कौन-से राज्य की जिम्मेदारी
ओम प्रकाश माथुर — केरल के राज्यपाल
राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर — तमिलनाडु के राज्यपाल
ब्रज मोहन राम — ओडिशा के राज्यपाल
डॉ. सुधा यादव — कर्नाटक की राज्यपाल
डॉ. ढाल सिंह बिसेन — उत्तराखंड के राज्यपाल
दुष्यंत गौतम — सिक्किम के राज्यपाल
आर्लेकर अब तमिलनाडु के पूर्णकालिक राज्यपाल
राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को केरल से स्थानांतरित कर तमिलनाडु का नियमित राज्यपाल बनाया गया है। वह मार्च से तमिलनाडु के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन कर रहे थे। इससे पहले आर्लेकर गोवा विधानसभा के अध्यक्ष के अलावा हिमाचल प्रदेश और बिहार के राज्यपाल की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
ओम प्रकाश माथुर को केरल की जिम्मेदारी
सिक्किम के मौजूदा राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर अब केरल के राज्यपाल होंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राजस्थान से पूर्व राज्यसभा सांसद माथुर ने जुलाई 2024 में सिक्किम के राज्यपाल का पद संभाला था।
चार राज्यों को मिले नए राज्यपाल
ब्रज मोहन राम को ओडिशा, सुधा यादव को कर्नाटक, ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राम पलामू से पूर्व लोकसभा सांसद रहे हैं, जबकि सुधा यादव महेंद्रगढ़ से पूर्व भाजपा सांसद और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की पूर्व सदस्य रह चुकी हैं। ढाल सिंह बिसेन बालाघाट से पूर्व लोकसभा सांसद हैं। दुष्यंत गौतम भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद रहे हैं।
राष्ट्रपति भवन की विज्ञप्ति में मौजूदा राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, थावरचंद गहलोत और गुरमीत सिंह के लिए फिलहाल किसी नई जिम्मेदारी की घोषणा नहीं की गई है।




