कुरुद में अग्रवाल समाज द्वारा धूमधाम से मनाई गई अग्रसेन जयंती

० श्याम मंदिर में महाराजा अग्रसेन की महाआरती एवं लकी ड्रा के साथ हुआ भव्य आयोजन
कुरुद। अग्रवाल समाज ग्रुप कुरुद द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर स्थानीय श्री श्याम मंदिर में भव्य पूजा-अर्चना एवं महाआरती कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात समाज के सभी सदस्यों ने एकस्वर में महाराजा अग्रसेन जी की महाआरती की और उनके दिखाए समानता, बंधुत्व एवं ‘एक रुपया, एक ईंट’ के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
रोमांचक लकी ड्रा का आयोजन
जयंती के इस विशेष अवसर पर समाज बंधुओं के लिए ‘लकी ड्रा कूपन’ कार्यक्रम भी रखा गया। इसके तहत उपस्थित सभी सदस्यों को एक-एक पर्ची (कूपन) दी गई। आरती के पश्चात पारदर्शिता के साथ पर्ची निकाली गई और भाग्यशाली विजेता को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे उपस्थित सभी सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला।
वरिष्ठ जन एवं समाजसेवियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में समाज के अध्यक्ष सुभाष चंद्र अग्रवाल सहित सुभाष अग्रवाल, मोहन अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, प्रहलाद राय अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, दीपक बंसल, अनूप अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, अनमोल अग्रवाल, लल्ला अग्रवाल, लीलाराम अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं युवा साथी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।आरती एवं लकी ड्रा के पश्चात प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्व समापन हुआ।





