महंत कॉलेज में विश्व गठिया दिवस पर जागरूकता व्याख्यान का आयोजन

रायपुर। विश्व गठिया दिवस के अवसर पर महन्त कॉलेज के शिक्षण गुणवत्ता विभाग द्वारा आज एक विशेष जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध रुमेटोलॉजिस्ट डॉ. अश्लेषा शुक्ला ने गठिया रोग के कारण, लक्षण और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

डॉ. अश्लेषा ने बताया कि गठिया केवल बुजुर्गों की बीमारी नहीं है, यह किसी भी उम्र में हो सकती है। समय पर जांच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सही जीवनशैली से इस रोग को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने जोड़ों के दर्द को नजरअंदाज न करने और समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी।
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों के प्रश्नों का समाधान भी किया और गठिया से बचाव के लिए सरल व्यायामों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ देवाशीष मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में प्राद्यापक, छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ किरण अग्रवाल ने किया और आभार प्रदर्शन ललितमोहन वर्मा ने किया।





