Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ से झारखंड जा रही कार की ट्रेलर से भिड़ंत, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 2 की हालत गंभीर

चाईबासा। छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहे एक परिवार की खुशियां सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कुदापी डाउन के पास कार और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जमशेदपुर जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहे थे। इसी दौरान कुदापी डाउन के पास कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
दो घायल अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना में घायल दो लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस जुटी दुर्घटना की वजह तलाशने में
हादसे की सूचना मिलने पर हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।




