पाकिस्तान में सुरंग के पास ट्रक के पलटने से एक ही परिवार 15 लोगों की मौत, 8 घायल, रेस्क्यू जारी

इंटरनेशनल न्यूज़। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक सुरंग के पास ट्रक के पलटने से एक ही परिवार के कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, वहीं आठ अन्य घायल हो गए। बचाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रेस्क्यू 1122 आपातकालीन सेवाओं के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना मलकंद जिले के स्वात मोटरवे पर हुई। सभी पीड़ित स्वात की बहरीन तहसील के जिब्राल क्षेत्र के एक खानाबदोश परिवार के थे, जो अक्सर मौसमी तौर पर अलग-अलग इलाकों में प्रवास करते रहते हैं।
हादसे की सूचना मिलने पर बचाव दल और पुलिस दुर्घटनास्थल पर पहुंची और घायलों और मृतकों के शवों को जिला मुख्यालय अस्पताल बटखेला भेजा। अस्पताल में, डॉक्टरों ने 15 लोगों की मौत की पुष्टि की, जबकि आठ घायलों को इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायलों में से चार को बाद में विशेष देखभाल के लिए स्वात रेफर कर दिया गया।
बचाव सूत्रों के अनुसार, मृतकों और घायलों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल थे। खैबर पख्तूनख्वा के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री मुहम्मद सोहेल अफरीदी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिवारों को यह दुःख सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। अफरीदी ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के लिए सर्वोत्तम और तत्काल चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।