CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान बढ़ने से लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
रायपुर में कैसा रहेगा आज का मौसम?
राजधानी रायपुर में 16 अक्टूबर को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। हालांकि दोपहर या शाम के समय आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
रायपुर में सामान्य से ज्यादा रहा तापमान
गुरुवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। माना एयरपोर्ट और बिलासपुर में 32 डिग्री, जगदलपुर में 32.9 डिग्री और दुर्ग में 31.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
दक्षिणी छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों तक भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
फिलहाल बारिश की गतिविधियां सीमित हैं, लेकिन अगले कुछ दिनों में स्थानीय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है।
15 अक्टूबर को पूरे देश से मानसून की विदाई
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 अक्टूबर को पूरे देश से विदा हो चुका है। हालांकि इसके बाद भी कुछ मौसमी प्रणालियों के कारण देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
फिलहाल दक्षिणी तटीय तमिलनाडु से लेकर ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से लेकर अरब सागर तक मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से होकर एक अन्य द्रोणिका गुजर रही है, जिसका असर कुछ क्षेत्रों के मौसम पर पड़ सकता है।




