जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर बैगेज जांच के दौरान हुआ खुलासा, कुआलालंपुर में रहने का दावा; पुलिस कर रही जांच

दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर अंडरगारमेंट में छिपाकर जा रहा था संदिग्ध , भागने लगा यात्री; CISF ने पकड़ा
नई दिल्ली। दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की संदिग्ध हरकत से हड़कंप मच गया। बैग की एक्स-रे जांच में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने के बाद यात्री ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने उसे स्टेशन के एग्जिट गेट के पास पकड़ लिया। आगे की तलाशी में उसके अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में छिपाकर रखा गया अज्ञात अर्धठोस पदार्थ मिला।
एक्स-रे स्क्रीन पर दिखी संदिग्ध वस्तु, भागने लगा यात्री
CISF के मुताबिक, जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान यात्री के बैग की एक्स-रे स्क्रीन पर घनी और संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इसके बाद यात्री वहां से निकलकर भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, मुस्तैद जवानों ने उसका पीछा किया और स्टेशन के निकास द्वार के पास उसे पकड़ लिया।
अंडरगारमेंट के सिले हिस्से में छिपा था पदार्थ
यात्री के सामान की आगे जांच करने पर उसके अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में छिपाकर रखा गया अज्ञात अर्धठोस पदार्थ बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए CISF ने यात्री और उसके सामान को आगे की जांच के लिए पुलिस के हवाले कर दिया।
कुआलालंपुर में रहने का किया दावा
CISF के अनुसार, पकड़े गए यात्री ने खुद को कुआलालंपुर में रहने वाला अनिवासी भारतीय (NRI) बताया है। हालांकि, बरामद पदार्थ क्या है और उसे इस तरह छिपाकर क्यों रखा गया था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बरामद अर्धठोस पदार्थ की प्रकृति और उससे जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। CISF की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते यात्री को स्टेशन से बाहर निकलने से पहले ही पकड़ लिया गया।




