Chhattisgarh Hockey League: न्यायधानी नाइट्स ने राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराया, महिला मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस की शानदार जीत

० ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की टीम ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को दी शिकस्त, केतन कुशवाहा बने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’
० महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया, कप्तान आंचल साहू ने दागे दो गोल
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हरा दिया। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की टीम ने जीत के साथ लीग में अपने अभियान की शुरुआत की। वहीं, महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से पराजित किया। महिला मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
न्यायधानी नाइट्स ने शुरुआत से बनाया दबाव
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन मुकाबले में भारतीय हॉकी के दो ओलंपियन खिलाड़ियों की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। न्यायधानी नाइट्स की ओर से चिराग और केतन कुशवाहा ने एक-एक गोल किया, जबकि राजधानी रॉयल्स के लिए रौशन ने एकमात्र गोल दागा।
मैच की शुरुआत से ही न्यायधानी नाइट्स ने आक्रामक खेल दिखाया। मुकाबले के 12वें मिनट में चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। उनके तेज फ्लिक को राजधानी रॉयल्स के पहले रशर और गोलकीपर हिमांशु मलिक रोक नहीं सके।
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने शानदार मैदानी गोल दागकर न्यायधानी नाइट्स की बढ़त 2-0 कर दी। उन्होंने विपक्षी टीम के रक्षकों को छकाते हुए गेंद गोलपोस्ट में पहुंचाई। इसके ठीक एक मिनट बाद न्यायधानी नाइट्स को बढ़त और मजबूत करने का मौका मिला, लेकिन टीम पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सकी।

मजबूत रक्षापंक्ति के सामने बेबस दिखी राजधानी रॉयल्स
राजधानी रॉयल्स के कप्तान ललित उपाध्याय ने मिडफील्ड में आक्रामकता बढ़ाकर टीम को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की। हालांकि, टीम मिले पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाने में नाकाम रही।
न्यायधानी नाइट्स के सुरेंद्र सिंह ने रक्षापंक्ति में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विपक्षी खिलाड़ियों को डी क्षेत्र में खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। टीम के रक्षकों ने लगातार गेंद को खतरे के क्षेत्र से बाहर निकालकर राजधानी रॉयल्स के गोल करने के प्रयासों को कमजोर किया।
दूसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में राजधानी रॉयल्स के अनिकेत कुजूर के लिए दिए गए पास को रोकने के प्रयास में सुरेंद्र सिंह के चेहरे पर चोट भी लगी।
दूसरे हाफ में भी न्यायधानी नाइट्स का दबदबा
दूसरे हाफ की शुरुआत में संजीत तिर्की द्वारा स्टिक चेक किए जाने के कारण न्यायधानी नाइट्स को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम इस मौके को गोल में नहीं बदल सकी। इसके बाद मिले एक अन्य अवसर पर भी उसे सफलता नहीं मिली।
केतन कुशवाहा ने विपक्षी टीम के डी क्षेत्र में लगातार गोल करने के प्रयास किए, लेकिन उनके शॉट्स में सटीकता की कमी रही। तीसरे क्वार्टर में राजधानी रॉयल्स के खिलाड़ियों ने भी कई बार विपक्षी टीम के डी क्षेत्र में प्रवेश किया, लेकिन अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी के चलते ये प्रयास गोल में तब्दील नहीं हो सके।
चौथे क्वार्टर में खेल की गति कुछ धीमी रही। राजधानी रॉयल्स को मुकाबले में वापसी के लिए गोल की जरूरत थी, लेकिन टीम की अग्रिम पंक्ति प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर सकी। गोल करने के कई अवसर गंवाने से टीम पर दबाव बढ़ता गया।
इसी क्वार्टर में राजधानी रॉयल्स के पहले रशर प्रेमचंद सोय और न्यायधानी नाइट्स के चिराग के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दोनों खिलाड़ी मैदान पर गिर पड़े, जिसके कारण कुछ समय के लिए खेल रोकना पड़ा।
आखिरकार न्यायधानी नाइट्स ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। पूरे मैच में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले केतन कुशवाहा को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
23 अक्टूबर को होंगे दो मुकाबले
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को इसी स्टेडियम में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटंस और बैलाडीला बुल्स के बीच होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीमें आमने-सामने होंगी।
महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस की शानदार जीत
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के अंतर्गत गुरुवार को खेले गए महिला प्रदर्शनी मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने शानदार खेल दिखाते हुए महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हरा दिया। इंद्रावती टाइग्रेस की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल दागे। टीम की ओर से लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने भी एक-एक गोल किया। वहीं, महानदी फाल्कन्स की ओर से रिया खलखो ने एकमात्र गोल किया।
मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस का शुरुआत से ही दबदबा रहा। टीम ने लगभग 60 प्रतिशत समय तक गेंद पर कब्जा बनाए रखा और लगातार आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। इसके विपरीत महानदी फाल्कन्स के खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी दिखाई दी और टीम की अग्रिम पंक्ति भी अपेक्षित आक्रामकता नहीं दिखा सकी।
बेहतर रणनीति, गेंद पर नियंत्रण और आक्रामक खेल के दम पर इंद्रावती टाइग्रेस ने चार गोल दागकर शानदार जीत दर्ज की।
1 नवंबर तक चलेगी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) प्रदेश की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग है। इसका आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है। लीग का उद्देश्य प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों का अनुभव हासिल करने और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
लीग का पहला संस्करण 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। इनमें राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस शामिल हैं।
प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ी और राज्य के बाहर के राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के चार खिलाड़ी शामिल हैं। लीग का लक्ष्य प्रदेश में हॉकी के खेल तंत्र को मजबूत करना, उभरते खिलाड़ियों को अधिक अवसर देना और राष्ट्रीय खेल हॉकी के विकास को गति देना है।
‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित यह लीग छत्तीसगढ़ की खेल पहचान, क्षेत्रीय गौरव और हॉकी के क्षेत्र में प्रदेश की बढ़ती आकांक्षाओं को दर्शाती है।





