#प्रदेश

CG Holiday List 2027: छत्तीसगढ़ में 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी, कर्मचारियों को मिलेंगे 3 ऐच्छिक अवकाश

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2027 के लिए शासकीय कार्यालयों और संस्थानों में सामान्य अवकाश, सार्वजनिक अवकाश और ऐच्छिक अवकाश की सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। आदेश के अनुसार, राज्य के शासकीय सेवकों को निर्धारित सामान्य अवकाश के अलावा अपनी पसंद के तीन ऐच्छिक अवकाश लेने की पात्रता होगी।

2027 में इन त्योहारों पर रहेगा सामान्य अवकाश

सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2027 की सामान्य अवकाश सूची में छेरछेरा, गणतंत्र दिवस, संत रविदास जयंती, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, होली, गुड फ्राइडे, भक्त माता कर्मा जयंती, डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, रामनवमी, महावीर जयंती, ईद-उल-जुहा (बकरीद), बुद्ध पूर्णिमा, मोहर्रम, कबीर जयंती, हरेली, विश्व आदिवासी दिवस, रक्षाबंधन, कृष्ण जन्माष्टमी, हरितालिका तीज, महात्मा गांधी जयंती, दीपावली, छठ पूजा, गुरु घासीदास जयंती और क्रिसमस सहित प्रमुख त्योहार शामिल हैं।

रविवार को पड़ने वाले त्योहारों पर नहीं मिलेगा अलग अवकाश

अधिसूचना के मुताबिक, वर्ष 2027 में स्वतंत्रता दिवस, ईद-ए-मिलाद, दशहरा (विजयादशमी) और गुरु नानक जयंती रविवार को पड़ रहे हैं। इसलिए इन त्योहारों के लिए अलग से सामान्य अवकाश घोषित नहीं किया गया है।

ऐच्छिक अवकाश की सूची में कई त्योहार शामिल

राज्य सरकार ने ऐच्छिक अवकाशों की सूची भी जारी की है। इसमें नए साल का दिन, मकर संक्रांति, नेताजी सुभाषचंद्र बोस जयंती, बसंत पंचमी, छत्रपति शिवाजी जयंती, राजिम मेला माघ पूर्णिमा, गुड़ी पड़वा, वैशाखी, रथयात्रा, नाग पंचमी, पोला, गणेश चतुर्थी, नवाखाई, विश्वकर्मा जयंती, अग्रसेन जयंती, करवाचौथ, गोवर्धन पूजा, भगवान सहस्त्रबाहु जयंती, संत नामदेव जयंती और शहीद वीरनारायण सिंह बलिदान दिवस सहित कई महत्वपूर्ण दिन शामिल हैं।

कर्मचारियों को अपनी पसंद के तीन अवकाश लेने की सुविधा

जारी आदेश के अनुसार, प्रत्येक शासकीय सेवक ऐच्छिक अवकाश की सूची में शामिल दिनों में से अपनी इच्छानुसार अधिकतम तीन अवकाश ले सकेगा। कुछ ऐच्छिक अवकाश रविवार को पड़ने के कारण सूची में शामिल नहीं किए गए हैं।

बैंक और कोषालयों के लिए सार्वजनिक अवकाश की अलग सूची

छत्तीसगढ़ सरकार ने परक्राम्य लिखित अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत सार्वजनिक अवकाशों की अलग सूची भी जारी की है। इसमें बैंक और कोषालयों के लिए निर्धारित अवकाश शामिल हैं। वहीं, बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी का अवकाश केवल बैंकों और कोषालयों के लिए लागू होगा।