CG News: अहिवारा से BJP विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन, 78 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस; आज होगा अंतिम संस्कार

रायपुर। दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे और हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
आज रायपुर पहुंचेगा पार्थिव शरीर
दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर शनिवार, 31 अक्टूबर को विमान से रायपुर लाया जाएगा। इसके बाद रायपुर, भिलाई-3 और दुर्ग में अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए पार्थिव शरीर रखा जाएगा। अंतिम संस्कार उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा, गुंडरदेही (बालोद) में किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पार्थिव शरीर सुबह 8:30 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पहुंचेगा। यहां 9:30 बजे तक अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि दी जा सकेगी।
इसके बाद सुबह 10:15 बजे पार्थिव शरीर भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास पहुंचेगा, जहां 11 बजे तक अंतिम दर्शन किए जाएंगे।
दुर्ग में भी अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर
सुबह 11 बजे भिलाई-3 स्थित आवास से पार्थिव शरीर रवाना होगा और 11:30 बजे जवाहर नगर, दुर्ग पहुंचेगा। यहां दोपहर 12:30 बजे तक अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि का कार्यक्रम रहेगा।इसके बाद पार्थिव शरीर जवाहर नगर से उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा के लिए रवाना किया जाएगा।
पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पार्थिव शरीर दोपहर 1 बजे भेण्ड्रा गांव पहुंचेगा। यहां दोपहर 2 बजे तक अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे राजकीय सम्मान के साथ दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का अंतिम संस्कार किया जाएगा।उनके निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्रवासियों में शोक का माहौल है।




