Chhattisgarh News: ‘Modi Kahin Nahi Jayega Broooo!’ हुडी पहनकर विजय शर्मा का खड़गे को जवाब, सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर

रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस विवाद पर अनोखे अंदाज में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर काले रंग की हुडी पहने अपनी एक तस्वीर साझा की है, जिस पर लिखा है- ‘Modi Kahin Nahi Jayega Broooo!’ विजय शर्मा की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
हुडी पर लिखा संदेश, खड़गे की टिप्पणी पर निशाना
विजय शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर काले रंग की हुडी पहने तस्वीर पोस्ट की। हुडी पर अंग्रेजी में ‘Modi Kahin Nahi Jayega Broooo!’ लिखा हुआ है। इस पोस्ट को मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। अपने इस खास अंदाज के जरिए विजय शर्मा ने राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है।
‘मोदी नहीं जाएगा’ का नारा सुन नाराज हुए थे खड़गे
दरअसल, कांग्रेस की ओर से 25 अक्टूबर को पटना के गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंच से संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अपनी जगह से आवाज लगाते हुए कहा- ‘मोदी नहीं जाएगा।’
यह सुनकर खड़गे नाराज हो गए। उन्होंने गुस्से में जवाब देते हुए कहा- ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’ खड़गे की इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था और इसे लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया।
विजय शर्मा की पोस्ट पर सियासी चर्चा
अब छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ‘Modi Kahin Nahi Jayega Broooo!’ लिखी हुडी के साथ तस्वीर साझा कर खड़गे की टिप्पणी पर पलटवार किया है। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है और राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।





