Close

World Cup 2023: दक्षिण अफ्रीका के साथ आज भिड़ेगा भारत, होगी असली परीक्षा

स्पोर्ट्स न्यूज़। विश्व कप के अपने आठवें मैच में भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी। टूर्नामेंट का 37वां मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। टीम इंडिया की नजर लगातार आठवीं जीत पर होगी। वह इस विश्व कप में एक भी मैच नहीं हारी है। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने दमदार प्रदर्शन किया है। उसने सात में से छह मैच जीते हैं। उसे एकमात्र हार नीदरलैंड के खिलाफ मिली थी। उसकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों काफी खतरनाक है। उसने पिछले चार मैचों में जीत हासिल की है। ऐसे में मजबूत अफ्रीकी टीम के सामने भारतीय खिलाड़ियों की असली परीक्षा होगी।

भारतीय टीम सात मैच में सात जीत के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर है। उसके खाते में 14 अंक है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका सात मैच में छह जीत के साथ दूसरे नंबर पर है। उसके 12 अंक हैं। कोलकाता में मैच को जीतने वाली टीम अंक तालिका में शीर्ष पर रहेगी। अगर भारत जीतता है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका जीतता है तो उसके 14 अंक होंगे। उसका नेट रनरेट (+2.290) भारत के नेट रनरेट (+2.102) से बेहतर है।

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका हेड टू हेड
विश्व कप में अब तक दोनों टीमों के बीच पांच मुकाबले खेले गए हैं। अफ्रीकी टीम को तीन जीत मिली है। उसने 1992, 1999 और 2011 में जीत हासिल की है। दूसरी ओर, भारत को जीत मिली है। टीम इंडिया ने उसे 2015 और 2019 में हराया है। वनडे में ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 90 मैच हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका ने 50 जीते हैं। भारत को 37 मैचों में जीत मिली है। तीन मुकाबलों में नतीजा नहीं आया।

scroll to top