#धार्मिक

Chhath Parv 2026 : छठ महापर्व की से शुरुआत, पहले दिन होगा नहाय-खाय; जानें कद्दू-भात का महत्व और पूजा की विधि

Advertisement Carousel

 

छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर से हो रही है। चार दिनों तक चलने वाला यह लोक आस्था का पर्व सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना के साथ पवित्रता, शुद्धता, भक्ति, समर्पण और अनुशासन का प्रतीक है। छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन व्रती स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं और इसके साथ ही छठ के कठिन व्रत की शुरुआत होती है। नहाय-खाय के दिन कद्दू-भात बनाने की विशेष परंपरा है। आइए, पंडित राकेश झा से जानते हैं नहाय-खाय का महत्व, इसकी विधि और इस दिन किन नियमों का पालन करना चाहिए।

क्या है नहाय-खाय?

छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला महापर्व है। इसकी शुरुआत कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को नहाय-खाय के साथ होती है। इस दिन व्रती स्नान कर स्वच्छता और पवित्रता के नियमों का पालन करते हुए सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। इसी दिन से छठ पूजा के विशेष नियम शुरू हो जाते हैं।

नहाय-खाय के दिन कद्दू-भात बनाने की विशेष मान्यता है। इस अवसर पर कद्दू की सब्जी, चना दाल और चावल का भात तैयार किया जाता है। भोजन पूरी तरह सात्विक होता है और इसमें लहसुन-प्याज का इस्तेमाल नहीं किया जाता।

नहाय-खाय की पूजा विधि और परंपराएं

1. सुबह स्नान से होती है शुरुआत

नहाय-खाय के दिन व्रती सुबह जल्दी उठकर स्नान करते हैं। कई श्रद्धालु पवित्र नदी या तालाब में स्नान करते हैं। जो लोग नदी या तालाब तक नहीं पहुंच पाते, वे घर पर ही स्नान कर सकते हैं।

2. घर और रसोई की सफाई

स्नान के बाद घर और रसोई की अच्छी तरह साफ-सफाई की जाती है। छठ पर्व में शुद्धता का विशेष महत्व है, इसलिए भोजन बनाने की जगह को भी स्वच्छ रखा जाता है।

3. सात्विक भोजन तैयार करने की परंपरा

इस दिन कद्दू की सब्जी, चना दाल और चावल का भात बनाया जाता है। परंपरागत रूप से कई घरों में मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से भोजन पकाया जाता है। हालांकि, अलग-अलग परिवारों में इसे लेकर परंपराएं अलग हो सकती हैं।

4. पहले व्रती करते हैं भोजन

नहाय-खाय के दिन तैयार भोजन सबसे पहले छठ व्रती ग्रहण करते हैं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य प्रसाद स्वरूप भोजन करते हैं।

5. भोजन में रखें सात्विकता का ध्यान

इस दिन भोजन हल्के मसालों के साथ तैयार किया जाता है। इसमें लहसुन और प्याज का इस्तेमाल नहीं किया जाता। व्रती पूरे नियम और संयम के साथ भोजन ग्रहण करते हैं।

नहाय-खाय के साथ ही छठ महापर्व की आध्यात्मिक और कठिन साधना शुरू हो जाती है। अगले तीन दिनों तक व्रती पूरी श्रद्धा, स्वच्छता और अनुशासन के साथ छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना करते हैं।