#प्रदेश

CG News: छत्तीसगढ़ के जंगलों में फिर दिखा दुर्लभ सफेद भालू, सड़क पार करते VIDEO वायरल, ग्रामीणों में दहशत

Advertisement Carousel

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल में इन दिनों एक दुर्लभ सफेद भालू की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। पेंड्रा वन परिक्षेत्र के कुदरी गांव में सड़क किनारे घूमते इस अनोखे भालू को राहगीरों ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सफेद रंग का भालू सड़क पार कर पहाड़ी की ओर जाता दिखाई दे रहा है। भालू की लगातार मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों में कौतूहल के साथ डर का माहौल है।

ग्रामीणों के मुताबिक, यह भालू अचानक जंगल में दिखाई देने वाला कोई नया मेहमान नहीं है। पिछले करीब एक साल से कुदरी और कुड़कई के जंगलों में इसकी आवाजाही बनी हुई है। सूरज ढलते ही यह जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाकों के आसपास पहुंचता है और कुछ देर बाद वापस पहाड़ी की ओर लौट जाता है।

कुदरी ही नहीं, इन गांवों में भी दिख चुका है सफेद भालू

इस दुर्लभ भालू की गतिविधियां केवल कुदरी गांव तक सीमित नहीं हैं। बीते 26 और 27 अक्टूबर की शाम इसे गिरारी स्थित पटियाला हाउस रेस्टोरेंट के पास देखा गया था। इससे पहले 30 जुलाई को जमड़ीखुर्द और करीब पांच महीने पहले आमादांड गांव में भी ग्रामीणों ने इसी सफेद भालू को देखने का दावा किया था। लगातार अलग-अलग इलाकों में इसकी मौजूदगी से वन्यजीव प्रेमियों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है।

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग

शाम होते ही जंगल से निकलकर आबादी के करीब पहुंचने वाले भालू को लेकर किसान और राहगीर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से शाम के समय गश्त बढ़ाने और भालू की लोकेशन पर नजर रखने की मांग की है।

वहीं, वन अधिकारियों के मुताबिक सूचना मिलने के बाद जांच दल को मौके पर रवाना किया गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और शाम के समय अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी गई है।

आखिर क्यों सफेद है इस भालू का रंग?

आमतौर पर भारतीय स्लॉथ बीयर यानी रीछ का रंग काला होता है, लेकिन आनुवंशिक बदलाव के कारण कुछ भालुओं के शरीर का रंग असामान्य रूप से सफेद दिखाई दे सकता है। इसके पीछे एल्बिनिज्म या ल्यूसिज्म जैसी स्थितियां हो सकती हैं। इन स्थितियों में शरीर में मेलेनिन पिगमेंट की कमी के कारण त्वचा और बालों का रंग प्रभावित होता है।

छत्तीसगढ़ के अचानकमार वन्यजीव अभयारण्य और मरवाही के जंगलों में भी ऐसे सफेद भालुओं को देखे जाने की खबरें सामने आती रही हैं। फिलहाल कुदरी में दिखाई दे रहे इस दुर्लभ भालू की मौजूदगी ने एक बार फिर वन्यजीवों की अनोखी दुनिया को चर्चा में ला दिया है।