दंतेवाड़ा NMDC हादसे पर कांग्रेस का बड़ा हमला: टेलिंग्स का पहाड़ खिसकने से दबे 4 प्राकृतिक नाले, लाखों पेड़ और हजारों जीव-जंतुओं के नुकसान का दावा

जगदलपुर। बस्तर में खनन और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। दंतेवाड़ा में NMDC के खनन क्षेत्र में टेलिंग्स का विशाल पहाड़ खिसकने से हुई तबाही के सात दिन बाद कांग्रेस की सात सदस्यीय जांच टीम घटनास्थल पहुंची। मौके का निरीक्षण करने के बाद कांग्रेस नेताओं ने हादसे के लिए NMDC प्रबंधन की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। पार्टी ने सवाल उठाया कि आखिर खनन के नाम पर पर्यावरण और ग्रामीणों की सुरक्षा से समझौता क्यों किया जा रहा है?
कांग्रेस ने मामले की उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और प्रभावित क्षेत्र में हुए पर्यावरणीय नुकसान का वैज्ञानिक आकलन कराने की मांग की है।
घटनास्थल जाने से पहले NMDC प्रबंधन से तीखी बहस
जांच दल के घटनास्थल पहुंचने से पहले ही सर्किट हाउस में NMDC प्रबंधन और कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद की स्थिति बन गई। बताया गया कि प्रबंधन की ओर से जांच दल को घटनास्थल तक ले जाने के लिए केवल सात गाड़ियों की अनुमति देने की बात कही गई थी। इस पर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताते हुए सवाल किया कि जब टीम हादसे की वास्तविक स्थिति और नुकसान का जायजा लेने आई है तो उसकी आवाजाही पर पाबंदी क्यों लगाई जा रही है?
कांग्रेस नेताओं ने इसे जांच प्रक्रिया में अनावश्यक हस्तक्षेप बताया। हालांकि, बाद में प्रबंधन ने सभी गाड़ियों को घटनास्थल तक जाने की अनुमति दे दी।
चार प्राकृतिक नाले मलबे में दबे, लाखों पेड़ों के नुकसान का दावा
उपनेता प्रतिपक्ष एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सात सदस्यीय टीम ने टेलिंग्स के मलबे से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। दौरे के बाद बघेल ने दावा किया कि टेलिंग्स का पहाड़ खिसकने से चार प्राकृतिक नाले पूरी तरह दब गए हैं। इसके अलावा लाखों पेड़ों के नष्ट होने और हजारों जीव-जंतुओं के मलबे में दबने की आशंका जताई।
उन्होंने कहा कि इस हादसे का असर केवल लोहागांव तक सीमित नहीं है, बल्कि आयरन हिल के नीचे बसे कई गांवों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा हो गया है। प्राकृतिक जलस्रोतों, जंगलों और वन्यजीवों को हुए नुकसान का प्रभाव लंबे समय तक रह सकता है।
NMDC की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर खनन क्षेत्र में टेलिंग्स के भंडारण, रखरखाव और सुरक्षा की निगरानी किस स्तर पर की जा रही थी? इतनी बड़ी मात्रा में मलबे का पहाड़ कैसे खिसक गया? पार्टी का आरोप है कि यदि समय रहते सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो इस तरह की तबाही को रोका जा सकता था।
कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह सार्वजनिक किया जाए कि टेलिंग्स के रखरखाव में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं।
जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
जांच दल ने हादसे के लिए जिम्मेदारी तय करने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्र में पर्यावरणीय नुकसान का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने, प्राकृतिक नालों की स्थिति का आकलन करने और स्थानीय ग्रामीणों पर पड़ने वाले प्रभाव की विस्तृत जांच की मांग भी उठाई गई है।
‘जल, जंगल और जमीन की लड़ाई जारी रहेगी’
निरीक्षण के दौरान लखेश्वर बघेल ने भाजपा सरकार की खनन नीति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों और पहाड़ों पर बड़े औद्योगिक घरानों की नजर है। विकास और औद्योगिक गतिविधियों के नाम पर आदिवासियों के हितों, जंगलों और पर्यावरण की अनदेखी की जा रही है।
बघेल ने स्पष्ट किया कि बस्तर के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए कांग्रेस अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हादसे की जांच में लापरवाही या लीपापोती हुई तो पार्टी इस मुद्दे को संसद से सड़क तक उठाएगी।





