Close

युवा आयोग में तोमर की नियुक्ति से सरगुजा के कई नेताओं को झटका

रायपुर। विश्व विजय सिंह तोमर को राज्य युवा आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने से सरगुजा के कई नेताओं को झटका लग गया है। सरगुजा के कई नेता निगम-मंडल अध्यक्ष बनने की जुगत में थे, लेकिन विश्व विजय सिंह तोमर बाजी मार गए। कहते हैं तोमर पर भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन और प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय की मेहरबानी रही। नितिन नबीन और साय ने तोमर को युवा आयोग का अध्यक्ष बनवाकर सरगुजा के दिग्गजों को चित्त कर दिया। चर्चा है कि तोमर को उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा का भी वरदहस्त है।

विश्व विजय सिंह तोमर भारतीय जनता युवा मोर्चा सरगुजा के जिलाध्यक्ष और अंबिकापुर नगर निगम के पार्षद हैं और उन्हें प्रदेश स्तर के पद से नवाजा गया है, कहते हैं इससे सरगुजा के नेताओं में खलबली मच गई है। कहा जाता है कि अनुराग सिंहदेव,भारत सिसोदिया,अनिल मेजर और अखिलेश सोनी निगम-मंडल अध्यक्ष के लिए दावेदारी कर रहे थे।अनुराग सिंहदेव 2009 से 2011 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। तीन बार अंबिकापुर विधानसभा के चुनाव भी लड़ चुके हैं, लेकिन उन्हें निगम-मंडल अध्यक्ष का पद अब तक नहीं मिला है। अनुराग सिंहदेव इस बार भाजपा के सदस्यता अभियान के प्रदेश स्तर के प्रभारी हैं,इस कारण निगम-मंडल अध्यक्ष की दौड़ में शरीक थे। अब विश्व विजय सिंह तोमर के राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष बनने से उनका पत्ता साफ़ लग रहा है।

रमनसिंह के कार्यकाल में अनिल मेजर एक बार निगम-मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। इस कारण उन्हें इस बार भी उम्मीद थी, लेकिन अब बताया जा था है कि तोमर के युवा आयोग में आने से अनिल का भी नंबर नहीं लगने वाला है। तोमर के कारण अब अखिलेश सोनी और भारत सिसोदिया को भी निगम-मंडल की रेस से बाहर माना जा रहा है। एक बात तो साफ़ है कि तोमर के राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष बनने से सरगुजा की राजनीति में नया खेल शुरू हो गया है, भले युवा आयोग का कोई खास महत्व नहीं है, पर एक तगमा से कइयों के सपनों पर पानी फिरता दिखाई पड़ रहा है।

scroll to top