Close

महाराष्ट्र का सीएम कौन ? आज दोपहर तीन बजे सीएम आवास पर महायुति की होगी बैठक, शिंदे भी रहेंगे मौजूद

मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के 11 दिन बाद भी महायुति गठबंधन सरकार बनाने की प्रक्रिया में उलझी हुई है। महायुति में भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल हैं। इस गठबंधन को 288 सदस्यीय विधानसभा में 230 सीटों पर जीत हासिल हुई है। इसमें भाजपा को 132, शिवसेना को 57 और राकांपा को 41 सीटें मिलीं। लगातार इस बात पर सस्पेंस बरकरार है कि यहां का मुख्यमंत्री कौन होगा?

आज दोपहर तीन बजे सीएम आवास पर महायुति की बैठक होगी। कहा जा रहा है कि एकनाथ शिंदे भी इस दौरान मौजूद रहेंगे।केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय रुपाणी ने कहा, ‘मुझे लगता है कि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। एकनाथ शिंदे ने बयान दिया था कि अगर भाजपा से किसी को सीएम बनाया जाता है तो उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। मुझे लगता है कि इस बार बीजेपी से कोई सीएम बनेगा।’

हम हाई कमान को नाम बताएंगे और घोषणा करेंगे: रुपाणी
महाराष्ट्र के सीएम के सवाल पर महाराष्ट्र के लिए भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय रुपाणी ने कहा, ‘आज शाम को मैं मुंबई जा रहा हूं। कल सुबह 11 बजे विधायक दल की बैठक होगी जहां हम लोग चर्चा करेंगे और उसके बाद सर्वसम्मति से नेता का चुनाव होगा। जिसके बाद हम हाई कमान को नाम बताएंगे और घोषणा करेंगे। कोई समस्या नहीं है क्योंकि हमारे तीनों घटकों के साथ हाईकमान ने चर्चा की है।’

आजाद मैदान में चल रहीं तैयारियां
पांच दिसंबर को होने वाले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए मुंबई के आजाद मैदान में तैयारियां चल रही हैं। शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए के वरिष्ठ नेताओं और कई मुख्यमंत्रियों के भाग लेने की संभावना है।

एकनाथ शिंदे के कारण देवेंद्र फडणवीस का नाम उजागर नहीं कर पा रही बीजेपी?

महाराष्ट्र का अगला सीएम कौन होगा यह तो अभी भी साफ नहीं हो सका है लेकिन एकनाथ शिंदे सीएम पद पर अभी भी अपना दावा ठोक रहे हैं। उधर, बीजेपी ने भी सीएम पद को लेकर चुप्पी साधी हुई है। महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इसे लेकर देवेंद्र फडणवीस की पार्टी कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।

विजय रुपानी आज शाम पहुंच रहे मुंबई
बीजेपी के पर्यवेक्षक चुने गए विजय रुपानी आज शाम मुंबई पहुंच रहे हैं। जबकि निर्मला सीतारमण चार दिसंबर को सुबह मुंबई पहुंच रही हैं। चार दिसंबर को विधानसभा के विधि मंडल में भाजपा विधायक दल की मीटिंग होगी। इस दिन शाम तक बीजेपी विधायक दल का नेता चुना जाएगा। जिसके बाद 5 दिसंबर को मुंबई के आजाद मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा।

scroll to top