बिहार विस चुनाव :भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह का एलान, ‘न चुनाव लड़ने आया था, न लड़ने का इरादा’

आरा। बिहार विधानसभा चुनाव में अब हर दिन नई और बड़ी खबर सामने आ रही है। भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने को लेकर उठ रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने शनिवार को अपने फेसबुक और एक्स पर अपने भोजपुरीया समाज से अपील करते हुए साफ कहा है कि उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए किसी भी राजनीतिक पार्टी को ज्वाइन नहीं किया था, और न ही उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा है।
पवन सिंह ने कहा, “मैं पार्टी का एक सच्चा सिपाही था, हूं और आगे भी रहूंगा।” उनके इस बयान के बाद समर्थकों के बीच चल रही चर्चाओं और भ्रम की स्थिति अब साफ हो गई है।
मालूम हो कि बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल के बीच विगत 30 सितंबर को भोजपुरी फिल्मों के सिने स्टार पवन सिंह की दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात हुई थी। जिसके बाद सिने अभिनेता के आरा से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई थी।
इसके पहले पवन सिंह ने रालोसपा सुप्रीमो व राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा से भी दिल्ली में मुलाकात की थी। इधर, पत्नी ज्योति सिंह से विवाद को लेकर भोजपुरी सिने अभिनेता काफी चर्चा में है।
इधर, विवाद ने तब अधिक तूल पकड़ा जब उनकी पत्नी लखनऊ स्थित उनके आवास पर गई थी। वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसके बाद से दोनों के बीच लगातार वाक्य युद्ध चल रहा है।
पावर स्टार ने पत्नी पर टिकट के लिए उनके पास आने और दबाव बनाने तक का आरोप लगाया था। जिसे पत्नी ने निराधार बताया था।
एक दिन पूर्व पावर स्टार की पत्नी ज्योति सिंह ने पटना में जनसुराज प्रमुख प्रशांत किशोर से मुलाकात कर राजनितिक कयासों का बाजार गर्म दिया है।