Maharashtra BMC Election 2026 LIVE: दिग्गजों ने डाला वोट, सचिन तेंदुलकर, अक्षय कुमार, मोहन भागवत समेत इन हस्तियों ने किया मतदान
मुंबई । महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में आज मतदान हो रहा है। यह चुनाव राज्य की शहरी राजनीति के लिए बेहद अहम है, खासकर देश की सबसे अमीर सिविक बॉडी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) पर, जहां पिछले 2017 के बाद पहली बार चुनाव हो रहे हैं। मुंबई, पुणे, नासिक, नागपुर, नवी मुंबई, ठाणे और पिंपरी-चिंचवड़ जैसे बड़े शहरों में हाई-वोल्टेज मुकाबला है।
कुल 3.48 करोड़ मतदाता 2,869 सीटों के लिए 15,908 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। राज्य भर में 39,092 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू होकर शाम 5:30 बजे तक चलेगा। नतीजे कल यानी 16 जनवरी आएंगे।
क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने किया मतदान
दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर मुंबई में बीएमसी चुनावों के लिए अपना वोट डालने के लिए एक मतदान केंद्र पर पहुंचे।
BMC चुनाव के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों और महत्वपूर्ण स्थानों पर 25,000 से अधिक कांस्टेबल, 3,000 अधिकारी तैनात किए गए है। इसमें 10 अतिरिक्त आयुक्त, 33 उपायुक्त और 84 सहायक पुलिस आयुक्त शामिल हैं।
भाजपा नेता प्रकाश जावडेकर ने किया मतदान
महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश जावडेकर ने पुणे के बालशिक्षण स्कूल स्थित एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार ने बीएमसी चुनाव में मतदान किया। उन्होंने कहा, “यह मुंबई के विकास और 40,000 करोड़ रुपये से अधिक के बजट के लिए सबसे महत्वपूर्ण चुनाव है। हमें अपने शहर को एक विकसित मुंबई बनाना है।”
नागपुर नगर निगम चुनाव में वोट डालने के बाद आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, “NOTA का विकल्प चुनकर आप अप्रत्यक्ष रूप से अवांछित उम्मीदवार को बढ़ावा देते हैं।”





