#प्रदेश #crime

होटल की 7वीं मंजिल पर अवैध देह व्यापार का खुलासा, स्पा संचालक सहित 2 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement Carousel

 

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध देह व्यापार के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शहर के होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई।

सूचना की तस्दीक के बाद नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से शाम लगभग 7:30 बजे छापेमारी की गई। कार्रवाई से पूर्व एक पुलिस पाइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा गया। संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी।

छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों से तीन महिलाएं बरामद की गईं। महिलाओं की गरिमा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों द्वारा तलाशी ली गई, जहां से आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई।

पूछताछ में स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि आर्थिक लाभ के उद्देश्य से ग्राहकों को महिलाओं की व्यवस्था कराई जाती थी। मामले में होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लेकर थाना लाया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G मोबाइल फोन, ₹6,000 नगद (पाइंटर द्वारा दिया गया), स्पा सेंटर से संबंधित दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर एवं वर्ष 2024 से संबंधित किरायानामा जब्त किया है।

आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत धारा 3, 4, 5 एवं 7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी:

विनयकांत बरगट, पिता विट्ठलराव, उम्र 43 वर्ष, निवासी कैलाश नगर मिलाई, जिला दुर्ग (छ.ग.), हाल मुकाम होटल ट्रिनिटी, कोतरारोड रायगढ़

देवेन्द्र सिंह, पिता प्रीतम सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी बीडपारा, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़