#प्रदेश

MP Politics: हरदीप सिंह पुरी होंगे मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद, BJP ने बनाया उम्मीदवार; एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट

Advertisement Carousel

भोपाल। मध्यप्रदेश की खाली हुई राज्यसभा सीट को लेकर लंबे समय से चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को इस सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।

एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी सीट

एल. मुरुगन ने 13 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय मंत्री पद और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मध्यप्रदेश से खाली हुई राज्यसभा सीट पर बीजेपी किसे उम्मीदवार बनाएगी, इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। अब पार्टी ने हरदीप सिंह पुरी के नाम का ऐलान कर तस्वीर साफ कर दी है।

मुरुगन ने इस्तीफे के बाद कहा था कि वह अब तमिलनाडु में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर काम करना चाहते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और तमिलनाडु की सेवा करने को अपने लिए सम्मान बताया था।

कौन हैं हरदीप सिंह पुरी?

74 वर्षीय हरदीप सिंह पुरी केंद्र सरकार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हैं। उनका जन्म 15 फरवरी 1952 को दिल्ली में हुआ था। राजनीति में आने से पहले वह भारतीय विदेश सेवा (IFS) के अधिकारी थे और 1974 बैच के अफसर रहे हैं।

पुरी ने विदेशों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और 2009 से 2013 तक संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि भी रहे। उन्होंने 2014 में बीजेपी की सदस्यता ली। इसके बाद केंद्र सरकार में उन्हें कई अहम जिम्मेदारियां मिलीं। वह आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री के साथ-साथ नागरिक उड्डयन मंत्रालय का प्रभार भी संभाल चुके हैं।

12 नवंबर को होगा राज्यसभा उपचुनाव

भारत निर्वाचन आयोग ने 22 अक्टूबर को मध्यप्रदेश की इस राज्यसभा सीट के लिए उपचुनाव का कार्यक्रम जारी किया था। चुनाव के लिए 26 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई।

  • नामांकन की आखिरी तारीख: 2 नवंबर 2026
  • नामांकन पत्रों की जांच: 3 नवंबर 2026
  • नाम वापसी की आखिरी तारीख: 5 नवंबर 2026
  • मतदान: 12 नवंबर 2026
  • मतगणना: 12 नवंबर को मतदान समाप्त होने के बाद

हरदीप सिंह पुरी के नाम की घोषणा के साथ बीजेपी ने इस उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार तय कर दिया है।