#प्रदेश

Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि पर राजिम में शाही स्नान और विशाल शोभायात्रा आज, सीएम साय करेंगे शिरकत

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर गरियाबंद जिले के राजिम में आयोजित राजिम कुंभ (कल्प) के समापन समारोह में शामिल होंगे। समापन कार्यक्रम पूज्य संतों और धर्माचार्यों की उपस्थिति में सम्पन्न होगा। इस दौरान शाही स्नान के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।

तीन नदियों के संगम पर बसा है राजिम

राजिम, छत्तीसगढ़ के प्रमुख तीर्थस्थलों में से एक है, जो महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के त्रिवेणी संगम के समीप स्थित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह क्षेत्र हरिहर धाम के रूप में प्रसिद्ध है, जहां राजीवलोचन मंदिर (भगवान विष्णु) और कुलेश्वर महादेव मंदिर (भगवान शिव) का संयुक्त धाम स्थित है। लोकविश्वास है कि यह संगम प्रयाग के समान पवित्र माना जाता है, जहां पर्वस्नान, दान, तर्पण और पिंडदान जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाते हैं।

प्रतिवर्ष माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक आयोजित होने वाला यह मेला सदियों पुरानी परंपरा का प्रतीक है, जिसे अब राजिम कुंभ (कल्प) के रूप में राष्ट्रीय पहचान मिल चुकी है।

साधु-संतों का होगा जमावड़ा

मेले के दौरान देशभर से नागा साधु-सन्यासी, विभिन्न अखाड़ों के संत-महंत, महामंडलेश्वर और अन्य धर्माचार्य राजिम पहुंचते हैं। इस अवधि में यज्ञ, धर्म-प्रवचन, भजन-कीर्तन और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करते हैं।

आस्था, परंपरा और संस्कृति का केंद्र है राजिम

राजिम कुंभ (कल्प) ने छत्तीसगढ़ को धार्मिक पर्यटन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित किया है। यह आयोजन आस्था, परंपरा और संस्कृति का जीवंत संगम प्रस्तुत करते हुए सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक शांति का संदेश देता है।