#प्रदेश

छत्तीसगढ़ बजट 2026-27: किसानों, युवाओं और महिलाओं पर रहेगा खास जोर, साय सरकार पेश करेगी विकास का नया रोडमैप

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राज्य की राजनीति और विकास की दिशा तय करने वाला अहम दिन आज है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन वित्त मंत्री ओपी चौधरी दोपहर 12:30 बजे सदन में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे। यह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार का तीसरा बजट होगा, जिसे नई विधानसभा भवन, रायपुर में पेश किया जाएगा।

सुशासन से समृद्धि’ पर आधारित विकास योजना

मुख्यमंत्री साय ने बजट को प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट सरकार के “सुशासन से समृद्धि” मॉडल को मजबूत आधार देगा और विकसित छत्तीसगढ़ के विज़न को आगे बढ़ाएगा।

सरकार ने किसानों, गरीबों, युवाओं, मातृशक्ति और आदिवासी समाज को प्राथमिकता में रखा है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।

बुनियादी ढांचा और रोजगार पर फोकस

आगामी बजट में बुनियादी ढांचे के विस्तार, रोजगार सृजन, कृषि उन्नयन, सामाजिक सुरक्षा और मानव संसाधन विकास पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

विकसित भारत 2047 के संकल्प से जुड़ाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के राष्ट्रीय संकल्प को ध्यान में रखते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

सरकार का मानना है कि यह बजट आत्मनिर्भरता, आर्थिक प्रगति और सामाजिक समृद्धि के नए अध्याय की शुरुआत करेगा।