छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में दो सीटें निर्विरोध: लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम होंगे सांसद

रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के दो सांसदों का निर्विरोध चुनाव तय हो गया है। विधानसभा में गुरुवार को भाजपा की ओर से लक्ष्मी वर्मा ने तीन सेट नामांकन फार्म दाखिल किए। उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कई भाजपा विधायक मौजूद रहे। वहीं, कांग्रेस की ओर से फूलोदेवी नेताम ने दो सेट नामांकन फार्म जमा किए। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत और कांग्रेस के विधायक उपस्थित थे।
नामांकन फार्म की स्क्रूटनी 6 मार्च को होगी, जबकि नामांकन वापसी की अंतिम तारीख 9 मार्च दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। उसी दिन शाम तक दोनों को प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) भी मिल जाएगा। राज्यसभा चुनाव की तिथि 16 मार्च 2026 है, लेकिन इस बार दोनों उम्मीदवार निर्विरोध हैं, इसलिए मतदान नहीं होगा।
फूलोदेवी नेताम को कांग्रेस ने दूसरी बार राज्यसभा भेजा है। इस बार खाली होने वाली दो सीटों में एक उनकी ही थी। पार्टी ने उनके पुन: चयन से विभिन्न राजनीतिक समीकरणों को संतुलित किया।
लक्ष्मी वर्मा पहली बार राज्यसभा सांसद बनने जा रही हैं। वे भाजपा में लगभग तीन दशक से सक्रिय हैं और संगठन व सत्ता में कई अहम पदों पर काम कर चुकी हैं। राज्यसभा उम्मीदवार घोषित होने से पहले वे महिला आयोग की सदस्य थीं और उन्होंने मंगलवार को इस्तीफा दिया।





