#प्रदेश

Rudraprayag Accident: गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चार लोगों की दर्दनाक मौत, छह घायल; रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

Advertisement Carousel

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के वक्त वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

पोखरी से रांसी जा रहा था वाहन

जानकारी के मुताबिक, बोलेरो वाहन पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा था। इसी दौरान बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

सीओ रुद्रप्रयाग सहित पुलिस और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रातभर चले अभियान के दौरान खाई में फंसे सभी 10 लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि, इनमें से चार लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

चार घायल श्रीनगर हायर सेंटर रेफर

हादसे में घायल छह लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो लोगों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया। बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों के नाम

  1. कुंवर सिंह (60), पुत्र बच्चन सिंह, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग।
  2. मदन सिंह (40), पुत्र मोहन सिंह, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग।
  3. सूरत सिंह (42), पुत्र भीम सिंह, निवासी ग्राम देड़ा, ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग।
  4. बलवीर सिंह (70), पुत्र बिहारी सिंह, निवासी दादा गैड़ बस्ती, रांसी, ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग।

हादसे में घायल छह लोगों की सूची

सामान्य उपचार वाले घायल:

  1. उम्मेद सिंह राणा (52), पुत्र चंद्र सिंह राणा, निवासी ग्राम रांसी, कोतवाली ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग।
  2. राजेंद्र सिंह (56), पुत्र चंद्र सिंह, निवासी ग्राम रांसी, कोतवाली ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग।

श्रीनगर हायर सेंटर रेफर:

  1. लविश राणा (25), पुत्र दिलीप सिंह राणा, निवासी ग्राम रांसी, कोतवाली ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग।
  2. वंशिका (8), पुत्री आशीष रावत, निवासी ग्राम कांथा, कोतवाली ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग।
  3. उर्मिला देवी (33), पत्नी भरत सिंह राणा, निवासी ग्राम चिलौंड, कोतवाली गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग।
  4. पूजा (34), पत्नी आशीष रावत, निवासी ग्राम कांथा, कोतवाली ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग।

फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।