कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में भीषण आग, कंडम एंबुलेंस समेत कई वाहन जलकर खाक

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में स्थित जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा परिसर में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे अस्पताल परिसर में लंबे समय से खड़ी आधा दर्जन कंडम एंबुलेंस और अन्य वाहन जलकर खाक हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों के परिजन, अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। आग की लपटें और काला धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से पुरानी गाड़ियां और कबाड़ पड़ा हुआ था, जिसे हटाने की मांग कई बार की गई थी। उनका कहना है कि अगर समय रहते इन कंडम वाहनों को हटाया गया होता, तो ऐसी घटना की संभावना कम हो सकती थी।
इस मामले में अस्पताल के डीन डॉ. के.के. सहारे ने बताया कि परिसर में खड़े कंडम वाहनों में आग लगने की घटना सामने आई है। आग कैसे लगी और किन परिस्थितियों में लगी, इसकी जांच की जा रही है।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।





