फुकेट एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान की हार्ड लैंडिंग, बड़ा हादसा टला; सभी यात्री सुरक्षित

फुकेट। थाईलैंड के फुकेट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान की हार्ड लैंडिंग का मामला सामने आया है। हैदराबाद से फुकेट जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AXB938 को लैंडिंग के दौरान तकनीकी समस्या के कारण तेज झटके के साथ उतारना पड़ा। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विमान ने हैदराबाद से उड़ान भरी थी और निर्धारित समय से पहले फुकेट हवाई अड्डे पर पहुंच गया। जहां विमान की लैंडिंग का समय सुबह 11:40 बजे निर्धारित था, वहीं इसे करीब 11:24 बजे ही उतार लिया गया।
लैंडिंग के बाद लैंडिंग गियर में आई खराबी
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान की हार्ड लैंडिंग के कारण उसके लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही विमान के आगे के हिस्से में भी क्षति होने की जानकारी सामने आई है।
यह विमान बोइंग कंपनी द्वारा निर्मित 737-800 मॉडल का है, जिसकी पंजीकरण संख्या VT-BWQ बताई जा रही है। नुकसान के कारण विमान को तुरंत रनवे से हटाया नहीं जा सका।
विमान में चालक दल के सात सदस्य, 131 यात्री और दो शिशु सवार थे। हार्ड लैंडिंग के समय विमान की गति अपेक्षाकृत तेज बताई जा रही है, हालांकि किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई है।
रनवे अस्थायी रूप से बंद
घटना के बाद फुकेट हवाई अड्डा प्रशासन ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने 12:08 बजे से शाम 6:00 बजे तक के लिए एयरमैन नोटिस (NOTAM) जारी करते हुए रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
क्या होती है हार्ड लैंडिंग?
सामान्य लैंडिंग के दौरान विमान नियंत्रित गति और संतुलित दबाव के साथ जमीन पर उतरता है। लेकिन हार्ड लैंडिंग की स्थिति में विमान अधिक गति और तेज दबाव के साथ रनवे को छूता है, जिससे लैंडिंग गियर या विमान के ढांचे को नुकसान पहुंच सकता है।




