हड़ताल के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अनोखा विरोध, काली माता बनकर किया प्रदर्शन

धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का प्रदर्शन बुधवार को चर्चा का विषय बन गया। तीन दिवसीय हड़ताल के अंतिम दिन धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। एक महिला कार्यकर्ता को काली माता के रूप में सजाकर आरती उतारी जा रही थी। इसी दौरान एक अन्य महिला कार्यकर्ता को अचानक सवारी आने की बात सामने आई। इसके बाद धरना स्थल पर अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया।
काली माता का रूप धारण कर किया प्रदर्शन
दरअसल, धमतरी में 2300 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर तीन दिनों से धरने पर बैठी थीं। बुधवार को आंदोलन के आखिरी दिन प्रदर्शन के दौरान एक महिला कार्यकर्ता को काली माता का रूप दिया गया। उनके हाथ में खप्पर और उसमें जलती हुई आग रखी गई थी। दूसरी ओर महिला कार्यकर्ताएं आरती उतारते हुए देवी सेवा गीत गा रही थीं। इस दौरान धरना स्थल पर उत्साह और हंसी-मजाक का माहौल था।
देवी गीत के बीच महिला को आई सवारी, बदल गया माहौल
इसी बीच कंकालिन देवी का गीत गाए जाने के दौरान एक महिला कार्यकर्ता अचानक असामान्य व्यवहार करने लगी। वहां मौजूद लोगों ने इसे सवारी आना बताया। कुछ देर पहले तक हंसी-मजाक कर रही कार्यकर्ताएं अचानक गंभीर हो गईं। महिलाएं हाथ जोड़कर माफी मांगने लगीं। इसके बाद महिला को धूप दिखाकर शांत कराने का प्रयास किया गया।
प्रदर्शन को लेकर उठे सवाल
धरना स्थल पर हुए इस अनोखे प्रदर्शन का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग इसे अपनी मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतीकों के इस तरह इस्तेमाल पर सवाल उठाए हैं।
हालांकि, प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी भी देवी-देवता या धार्मिक आस्था का अपमान करना नहीं था। तीन दिनों तक आंदोलन करने के बावजूद मांगों पर ध्यान नहीं दिए जाने के कारण उन्होंने यह तरीका अपनाया, ताकि सरकार तक अपनी बात पहुंचा सकें।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का तीन दिवसीय धरना समाप्त हो गया है, लेकिन आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अड़ी हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी तीन सूत्रीय मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगी।
धमतरी जिले के 1164 आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी करीब 2300 कार्यकर्ता और सहायिकाओं के इस आंदोलन के बाद अब सरकार के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं।





