#प्रदेश #राष्ट्रीय

बंगाल में ईडी की बड़ी कार्रवाई: अवैध कॉल सेंटर मामले में 10 ठिकानों पर छापेमारी

Advertisement Carousel

 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के कई इलाकों में छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध कॉल सेंटर के जरिए लोगों से धोखाधड़ी करने के मामले से जुड़ी बताई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार जांच एजेंसी की टीमों ने सिलीगुड़ी, हावड़ा, बिधाननगर और दुर्गापुर सहित करीब 10 ठिकानों पर तलाशी ली। इस मामले में सुरश्री कर, सम्राट घोष और सुभजीत चक्रवर्ती के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं। ईडी की टीमें इन आरोपियों और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर पहुंचकर जरूरी दस्तावेज और अन्य सबूत जुटाने में लगी हैं।

आरोप है कि इन लोगों ने कॉल सेंटर के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को झांसा देकर उनसे भारी रकम की ठगी की है। फिलहाल एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि इस मामले का संबंध किसी चुनावी फंडिंग या राजनीतिक गतिविधियों से तो नहीं है।

ईडी अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान जब्त किए गए दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच शुरू कर दी है, ताकि इस पूरे नेटवर्क और ठगी के तरीके का खुलासा किया जा सके।

गौरतलब है कि यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल गरमाया हुआ है। चुनाव आयोग ने राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के साथ घोषित किए जाएंगे।